राजनांदगांव , विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने गुरुवार को गौशाला पिंजरापोल में नवीन गौछाया परिसर का लोकार्पण तथा चिकित्सा परिसर एवं गौचारा परिसर का भूमिपूजन किया। उन्होंने राज्य शासन की ओर से गौशाला के विकास के लिए 75 लाख रुपए उपलब्ध कराने की घोषणा की।
डॉ. रमन सिंह ने कहा कि राजनांदगांव की गौशाला पिंजरापोल केवल गौशाला नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और जनसहभागिता का आदर्श केंद्र है। उन्होंने बताया कि वर्ष 1904 में शुरू हुई यह गौशाला आज 122 वर्षों की गौरवशाली यात्रा पूरी कर प्रदेश की सबसे समृद्ध गौशालाओं में शामिल हो चुकी है। उन्होंने नागरिकों से गौसेवा में अपनी सहभागिता बढ़ाने का आह्वान किया। अध्यक्षता कृषि विकास व पशुपालन मंत्री रामविचार नेताम ने की।
समाज की साझा जिम्मेदारी है गौसंरक्षण: राज्य गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष विशेषर सिंह पटेल और महापौर मधुसूदन यादव ने भी गौसंरक्षण को समाज की साझा जिम्मेदारी बताया। गौशाला पिंजरापोल समिति के अध्यक्ष खूबचंद पारख ने गौशाला की गतिविधियों और विकास कार्यों की जानकारी दी।
