Rajnandgaon: मोबाइल नहीं बिकने की बात पर युवक से मारपीट, चाकू से हमला करने का आरोपी गिरफ्तार

सिटी कोतवाली पुलिस ने घटना में प्रयुक्त धारदार चाकू किया जब्त, आरोपी को भेजा जेल
राजनांदगांव। सिटी कोतवाली पुलिस ने मोबाइल नहीं बिकने की बात को लेकर युवक से गाली-गलौज, मारपीट और धारदार चाकू से हमला करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लोहे का धारदार चाकू जब्त कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रताप यादव उर्फ बिट्टू पिता स्वर्गीय फत्तूराम यादव, उम्र 24 वर्ष, निवासी बैगापारा धरसा रोड लखोली, थाना कोतवाली राजनांदगांव के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी ने 21 जुलाई 2026 को थाना सिटी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 20 जुलाई की रात करीब 8 बजे आरोपी प्रताप यादव ने उससे कहा कि “तुम्हारे कारण मोबाइल नहीं बिक रहा है।” इसके बाद आरोपी ने कथित रूप से अश्लील गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और अपने पास रखी चाकूनुमा धारदार वस्तु से मारपीट की।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 389/26, धारा 296, 118(1) और 351(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर तथा नगर पुलिस अधीक्षक अलेक्जेंडर किरो के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी निरीक्षक उपेंद्र कुमार शाह के नेतृत्व में आरोपी की लगातार तलाश की जा रही थी। पुलिस टीम ने आरोपी को पकड़कर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने घटना स्वीकार की।
आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लोहे का धारदार चाकू जब्त किया गया। इसके बाद उसे 26 जुलाई 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 288/26, धारा 296, 115(2) और 351(2) बीएनएस के तहत आपराधिक प्रकरण दर्ज है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक उपेंद्र शाह, सहायक उप निरीक्षक इसराफिल खान तथा आरक्षक प्रयंश सिंह और लिलेंद्र पटेल की भूमिका रही।




