
राजनांदगांव : जिले के डोंगरगढ़ शहर में तेज रफ्तार हाइवा ने एक नाबालिग को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद शहर में भारी आक्रोश देखने को मिला। बड़ी संख्या में समाज के लोग और नगरवासी डोंगरगढ़ थाने पहुंच गए और पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग करने लगे। यह हादसा शहर के अंडर ब्रिज के पास देर शाम करीब 8 बजे हुआ।
जानकारी के अनुसार मृतक नाबालिग डोंगरगढ़ शहर के वार्ड क्रमांक 15 का निवासी था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक तेज रफ्तार हाइवा ने उसे अपनी चपेट में ले लिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
देर रात पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर ली। एफआईआर के अनुसार हाइवा क्रमांक CG 08 AY 9819 के अज्ञात चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। हालांकि पुलिस ने वाहन को पकड़कर अपने कब्जे में ले लिया लेकिन अज्ञात चालक की तलाश अब भी जारी है।
घटना के बाद समाज के लोगों और नगरवासियों में भारी नाराजगी देखने को मिली। बड़ी संख्या में लोग डोंगरगढ़ थाने पहुंचे और आरोप लगाया कि पुलिस निष्पक्ष कार्रवाई करने से बच रही है। लोगों ने लंबे समय से उठ रही मांग को दोहराते हुए कहा कि शहर में बाईपास सड़क का शीघ्र निर्माण कराया जाए और व्यस्त समय में भारी वाहनों के शहर में प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।
डोंगरगढ़ में हुए इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर शहर में भारी वाहनों के आवागमन को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस एफआईआर दर्ज कर हाइवा चालक की तलाश में जुटी है। वहीं, परिजनों और नगरवासियों की मांग है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के साथ शहर में भारी वाहनों की आवाजाही पर प्रभावी नियंत्रण किया जाए।

