उत्तर प्रदेशराज्‍य

हार्ट, किडनी और कैंसर मरीजों का सरकारी खर्च पर होगा इलाज

By Admin|10 Jul 2026, 9:42 PM
f X W

गंभीर और असाध्य बीमारियों से जूझ रहे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए यूपी के मेरठमें एलएलआरएम मेडिकल कॉलेज की असाध्य रोगी कल्याण निधि बड़ी राहत बनकर उभरी है। अब राशन कार्ड धारक मरीजों को हार्ट, किडनी और कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों का लाखों रुपये तक का इलाज सरकारी खर्च पर निशुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है।

पिछले एक वर्ष में मेडिकल कॉलेज इस योजना के तहत 20 लाख रुपये से अधिक की लागत से दर्जनों मरीजों का सफल उपचार करा चुका है। योजना के तहत उन मरीजों को प्राथमिकता दी जा रही है, जिनका परिवार इलाज का खर्च वहन करने में सक्षम नहीं है। राशन कार्ड के आधार पर आवेदन करने के बाद मेडिकल कॉलेज प्रशासन आवश्यक अनुमति लेकर मरीजों का उपचार कराता है।

अब सभी राशन कार्ड धारकों को मिलेगा लाभ
योजना की नोडल अधिकारी डॉ. अनुपमा वर्मा ने बताया कि पहले इस योजना का लाभ केवल बीपीएल राशन कार्ड धारकों तक सीमित था, लेकिन अब सभी राशन कार्ड धारक (यदि वे हार्ट, किडनी या कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों से पीड़ित हैं) योजना के तहत आवेदन कर सरकारी खर्च पर निशुल्क इलाज का लाभ उठा सकते हैं।

उन्होंने बताया कि बीते एक वर्ष में योजना के तहत 60 से अधिक हृदय रोगियों, 50 से अधिक किडनी रोगियों और 25 से अधिक कैंसर मरीजों का सफल उपचार किया जा चुका है। योजना की जानकारी बढ़ने के साथ आवेदन करने वाले मरीजों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है।

केस 1
51 वर्षीय सुरेंद्र कुमार हृदय की गंभीर बीमारी से पीड़ित थे। उनकी हृदय की धमनियां ब्लॉक हो चुकी थीं और स्टेंट डालना जरूरी था। आर्थिक तंगी के कारण परिवार इलाज कराने में असमर्थ था। मेडिकल कॉलेज ने असाध्य रोगी कल्याण निधि के तहत उनका लाखों रुपये का उपचार निशुल्क कराया, जिससे उन्हें नया जीवन मिला।

READ ALSO  एशिया की रैंकिंग में सीसीएसयू की बड़ी छलांग, 694वें स्थान पर पहुंचा

केस 2
54 वर्षीय सलीम अंसारी कैंसर से पीड़ित थे। उपचार के लिए 18-18 हजार रुपये कीमत के कई इंजेक्शन आवश्यक थे। परिवार इतना खर्च उठाने में सक्षम नहीं था। असाध्य रोगी कल्याण निधि के माध्यम से सभी जरूरी इंजेक्शन निशुल्क उपलब्ध कराए गए, जिससे उनके उपचार को गति मिली।

इन्हें मिलेगा लाभ
– राशन कार्ड होना अनिवार्य

– मरीज हार्ट, किडनी या कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से पीड़ित हो

– एलएलआरएम मेडिकल कॉलेज में आवेदन करना होगा

– पात्रता की जांच के बाद असाध्य रोगी कल्याण निधि से निशुल्क इलाज की स्वीकृति दी जाएगी

– उपचार का पूरा खर्च सरकारी निधि से वहन किया जाएगा

एलएलआरएम मेडिकल कॉलेज, प्राचार्य, डॉ. आरसी गुप्ता ने कहा कि नई व्यवस्था लागू होने के बाद गंभीर बीमारियों से पीड़ित राशन कार्ड धारक बड़ी संख्या में इस योजना का लाभ उठा रहे हैं। पहले आवेदन कम आने से बजट लैप्स हो जाता था, लेकिन अब आवेदनों में वृद्धि के साथ भविष्य में बजट बढ़ने की भी संभावना है।

अगली खबर लोड हो रही है...

Related Articles

2

Back to top button