Rajnandgaon : बधियाटोला में अवैध शराब बिक्री पर पुलिस की कार्रवाई, युवक गिरफ्तार

19 पौवा अंग्रेजी शराब और बिक्री रकम जब्त, आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज
डोंगरगढ़। थाना डोंगरगढ़ पुलिस ने अवैध शराब बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 19 पौवा अंग्रेजी शराब एवं बिक्री की नकदी बरामद की गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 13 जून 2026 को सिविल पेट्रोलिंग और जुर्म-जरायम पतासाजी के दौरान बधियाटोला क्षेत्र में मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक बिन्दल फार्म हाउस के पास पुलिया के निकट अवैध रूप से शराब बेच रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने गवाहों को साथ लेकर मौके पर घेराबंदी की।
मौके पर पुलिस को टिकेश्वर सिन्हा (27 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 07 बधियाटोला, संदिग्ध अवस्था में मिला। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक हरे रंग के थैले में रखे 19 नग पौवा जम्मू स्पेशल व्हीस्की अंग्रेजी शराब बरामद हुई। प्रत्येक पौवा में 180 मिलीलीटर शराब भरी हुई थी। कुल 3.420 बल्क लीटर शराब की कीमत 2,280 रुपये आंकी गई। इसके अलावा शराब बिक्री से प्राप्त 240 रुपये नकद भी बरामद किए गए। जब्त सामग्री की कुल कीमत 2,520 रुपये बताई गई है।
आरोपी से शराब रखने एवं बिक्री संबंधी वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने शराब और बिक्री रकम जब्त कर आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी एक्ट की धारा 34(1)(ख) के तहत कार्रवाई की।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। अपराध जमानतीय होने के कारण मौके पर जमानतदार एवं मुचलका प्रस्तुत करने पर उसे रिहा कर दिया गया।



