राजनांदगांव। जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर गाली-गलौज कर उत्पात मचाने वाले एक युवक के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उसे जेल भेज दिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, रायपुर नाका क्षेत्र में एक युवक द्वारा लोगों को गाली-गलौज कर हंगामा किए जाने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना पर थाना सिटी कोतवाली की टीम मौके पर पहुंची, जहां नरेश काजुरकर (19 वर्ष) निवासी शंकर नगर, रायपुर नाका, राजनांदगांव लोगों से विवाद करते हुए उत्पात मचा रहा था।
बताया गया कि युवक लोगों से यह कहते हुए विवाद कर रहा था कि उनके खिलाफ चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस ने उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह और अधिक आक्रोशित हो गया तथा गाली-गलौज करते हुए मारपीट पर उतारू हो गया।
स्थिति को देखते हुए पुलिस ने आरोपी को धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार किया तथा धारा 126 एवं 135(3) बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर तथा नगर पुलिस अधीक्षक अलेक्जेंडर किरो के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक उपेंद्र कुमार शाह के नेतृत्व में की गई कार्रवाई में प्रधान आरक्षक संदीप चौहान एवं थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में शांति व्यवस्था भंग करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
