राजनांदगांव , खाद की कालाबाजारी रोकने के लिए प्रशासनिक टीम लगातार जांच व छापेमारी कर रही है। इसी के तहत डोंगरगढ़ ब्लाक के अलग-अलग दुकानों में कार्रवाई की गई है। यहां लाइसेंस में अनुमति बगैर यूरिया का भंडारण किया गया था।
जांच टीम ने सोमवार को मुसरा खुर्द में मौजूद लोधी कृषि केन्द्र के गोदाम की जांच की। जहां बगैर अनुमति के 450 बैग यूरिया का भंडारण पाया गया। टीम ने उल्लंघन पाए जाने पर 450 बैग यूरिया को जब्त कर गोदाम सील कर दिया। मोहारा में महादेव कृषि केन्द्र का भी निरीक्षक किया गया।
निरीक्षण के दौरान पॉश मशीन व भौतिक स्टॉक में अंतर पाए जाने पर भंडारित 36 बोरी यूरिया, 28 बोरी डीएपी व 99 बोरी एनपीके खाद को जब्त करते हुए गोदाम सील किया गया। सुकुलदैहान के राजा कृषि केन्द्र में बगैर ओ-फार्म जुड़वाए 900 बोरी यूरिया उर्वरक भंडारण पर खाद जब्त किया है।
चार गुने दाम पर बिक्री कृषि केंद्रों में खाद की काला बाजारी की स्थिति हर साल बनी रहती है। केंद्र संचालक जानकारी छिपाकर खाद का भंडारण करते हैं। सहकारी समितियों में आपूर्ति कमजोर होने के दौरान किसानों को यही खाद तीन से चार गुना दाम पर बेचा जाता है। प्रशासन इस बार समय से पहले स्टॉक जांच और भंडारण की स्थिति जांच रही है।
