छत्तीसगढ़राजनांदगांव जिला

राजनांदगांव : खामतराई में पेयजल संकट, निजी बोर से पानी ला रहे…

राजनांदगांव , जिले के डौंडीलोहारा तहसील अंतर्गत ग्राम खा़मतराई में पिछले कई वर्षों से पेयजल की समस्या विकराल रूप ले चुकी है। स्थिति यह है कि गांव के सरकारी संस्थानों 4 आंगनबाड़ी केंद्रों और एक उप-स्वास्थ्य केंद्र में पानी का कोई साधन नहीं है। यहां कार्यरत कर्मचारी और सहायिकाएं पड़ोसियों के निजी बोर से पानी लाकर बच्चों के लिए भोजन पकाने और स्वास्थ्य संबंधी जरूरी कार्यों को पूरा करने को मजबूर हैं। ग्रामीणों ने बताया कि उप-स्वास्थ्य केंद्र की हालत इतनी चिंताजनक है कि प्रसव (डिलीवरी) जैसे संवेदनशील कार्यों के लिए भी कर्मचारियों को आस-पास के घरों से पानी मांगकर लाना पड़ता है।

ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत प्रशासन और जिम्मेदार जनप्रतिनिधि इस गंभीर समस्या की अनदेखी कर रहे हैं। ग्राम निवासी चिम्मन लाल साहू ने प्रशासन को भेजे पत्र में बताया कि गांव में नल के माध्यम से पानी की सप्लाई पूरी तरह अनिश्चित है। पंचायत का चपरासी ही पानी ऑपरेटर का कार्य देख रहा है, जो अपनी मर्जी से सप्लाई चालू या बंद करता है। जब ग्रामीण सरपंच के पास शिकायत लेकर जाते हैं, तो उन्हें चपरासी के पास भेज दिया जाता है और चपरासी वापस सरपंच का रास्ता दिखा देता है। अधिकारियों के निरीक्षण के दौरान भी स्थानीय स्तर पर “सब ठीक है” कहकर मामले को दबा दिया जाता है।

ग्रामीण उदय राम साहू के अनुसार पिनकापार में आयोजित सुशासन तिहार में कलेक्टर और अन्य आला अधिकारियों की मौजूदगी में लिखित आवेदन दिया गया था। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और स्वास्थ्य कर्मचारियों ने भी अपनी समस्या रखी थी, लेकिन एक स्थानीय जनप्रतिनिधि ने अधिकारियों को यह कहकर गुमराह कर दिया कि समस्या का समाधान हो चुका है। 500 घरों वाली इस बड़ी बस्ती में वर्तमान में केवल एक पानी टंकी है, जो पूरी आबादी की प्यास बुझाने में नाकाम साबित हो रही है। राहत देने कोई पहल नहीं हो रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button