
राजनांदगांव : अधिक मास में श्याममय होगा शहर, 25 से 29 तक महोत्सव…
राजनांदगांव , अधिक मास के पावन अवसर पर शहर में पहली बार पांच दिवसीय विराट श्याम भक्ति अमृत महोत्सव का आयोजन 25 से 29 मई तक खाटू धाम गायत्री विद्या पीठ परिसर में होगा। आयोजन में निशान यात्रा, अभिषेक पूजन, श्याम चरित्र कथा, भजन संध्या, अखंड संकीर्तन और नौ कुण्डीय श्याम महायज्ञ जैसे धार्मिक कार्यक्रम होंगे। आयोजन स्थल को भव्य रूप से सजाया जा रहा है।
महोत्सव की शुरुआत 25 मई को शाम 5 बजे गायत्री मंदिर प्रांगण से भव्य सूरजगढ़ निशान यात्रा के साथ होगी, जो दासी श्याम कुटीर, रामाधीन मार्ग तक निकलेगी। यात्रा में हजारों श्याम भक्त शामिल होंगे। इस दौरान सूरजगढ़ दरबार से हजारी लाल इंदौरिया एवं खाटू श्याम मंदिर राजस्थान के निज पुजारी सेवक परिवार से मानवेन्द्र सिंह चौहान “काना भैया” महाराज विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
26 मई को सुबह 9 बजे से लड्डू गोपाल एवं युगल सरकार का संगीतमय अभिषेक पूजन होगा। वहीं 26 से 28 मई तक प्रतिदिन शाम 4:30 बजे से श्याम चरित्र कथा और रात 8 बजे से भव्य भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। भजन संध्या में वृंदावन, दिल्ली, नागपुर और खाटू श्याम से आए प्रसिद्ध भजन गायक प्रस्तुतियां देंगे। 27 मई की एकादशी रात्रि विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी। 29 मई को नौ कुण्डीय श्याम महायज्ञ, पूर्णाहुति और विशाल श्याम रसोई महाप्रसादी के साथ महोत्सव का समापन होगा। आयोजन में देशभर से श्याम भक्तों के पहुंचने की संभावना है।



