छत्तीसगढ़

CG : सचिव की मनमानी से पंचायत प्रतिनिधि परेशान, हटाने की मांग हुई तेज …

पंडरिया. जनपद पंचायत पंडरिया अंतर्गत ग्राम पंचायत किशुनगढ़ में पदस्थ सचिव रामाधार साहू को हटाने की मांग अब उग्र रूप लेती जा रही है. सरपंच, उपसरपंच, पंचों और ग्रामीणों ने सचिव के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए प्रशासन को तीन दिन का अल्टीमेटम दिया है. ग्रामीणों का आरोप है कि सचिव के कार्य व्यवहार और पूर्व रिकॉर्ड को देखते हुए पंचायत में अविश्वास और असंतोष का माहौल बन गया है. जानकारी के अनुसार रामाधार साहू की नियुक्ति 20 फरवरी को ग्राम पंचायत किशुनगढ़ में की गई थी. इसके बाद से पंचायत में लगातार विवाद की स्थिति बनी हुई है. ग्रामीणों का आरोप है कि यह सचिव पूर्व में जिन पंचायतों में पदस्थ रहे वहां भी अनियमितताओं और घोटालों के आरोप लगे थे. इसी कारण ग्रामीण नहीं चाहते कि पंचायत के विकास कार्य प्रभावित हों.

ग्राम पंचायत किशुनगढ़ के सरपंच रोहित कुमार टंडन द्वारा मुख्य कायर्पालन अधिकारी जनपद पंचायत पंडरिया को लिखित आवेदन देकर सचिव को तत्काल हटाने की मांग की गई है. आवेदन में जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र नहीं बनाने, राशन कार्ड और जॉब कार्ड आवेदनों में हस्ताक्षर नहीं करने, पंचायत बैठकों की सूचना जारी नहीं करने, फोन रिसीव नहीं करने तथा आम बाजार नीलामी प्रक्रिया लंबित रखने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं. वहीं ग्राम पंचायत छीरपानी से भी पूर्व में सचिव रामाधार साहू के खिलाफ शिकायत की गई थी. वहां के सरपंच द्वारा आरोप लगाया गया कि वर्ष 2024-25 की रोकड़ बही, बिल वाउचर और अन्य दस्तावेज प्रभार में नहीं दिए गए, जिससे ऑडिट कार्य प्रभावित हो रहा है.

ग्रामीणों का कहना है कि जिला पंचायत सीईओ अभिषेक अग्रवाल तथा अन्य अधिकारियों को कई बार लिखित शिकायत दी जा चुकी है लेकिन चार माह बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई. ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि तीन दिनों के भीतर सचिव को नहीं हटाया गया तो पंचायत के सभी निर्वाचित जनप्रतिनिधि सामूहिक इस्तीफा देंगे तथा जिला पंचायत कबीरधाम कार्यालय का घेराव कर धरना प्रदर्शन करेंगे. गांव में 15 मई से जिला पंचायत कार्यालय के सामने आंदोलन शुरू होने की चर्चा भी तेज हो गई है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button