
राजनांदगांव : अंडरब्रिज निर्माण अधूरा, आज हल्ला बोल आंदोलन करेंगे…
राजनांदगांव , स्टेशन पारा और गौरी नगर के अधूरे अंडरब्रिज को पूरा करने की मांग पर 12 मई को पटरी पार के आक्रोशित पार्षदों सहित वार्डवासी रेलवे अफसरों के खिलाफ हल्ला बोल आंदोलन करेंगे। शिकायत ज्ञापन सौंपने, प्रदर्शन, अल्टीमेटम देने के बाद भी अंडरब्रिज का काम शुरू नहीं हो सका।
दोनों जगह निर्माण काम लंबे समय से थमा पड़ा है। ऐसे में ओवरब्रिज पर ट्रैफिक का दबाव तीन सालों से बढ़ा हुआ है। यहां डिवाइडर बनने से चौड़ाई कम हो गई। यहां आए दिन ट्रैफिक जाम लग रहा, सड़क हादसों में कई मौतें हो चुकी है।
अंडरब्रिज निर्माण में तेजी लाने की मांग पर विगत दिनों शहर जिला कांग्रेस के अध्यक्ष जितेन्द्र मुदलियार ने राजनांदगांव रेलवे स्टेशन प्रबंधक आरके बर्मन को ज्ञापन सौंपा था। इससे पहले 17 अप्रैल को गौरी नगर के कांग्रेस नेता हफीज खान, स्टेशन पारा के कांग्रेस नेता आसिफ अली, पार्षद छोटेलाल रामटेके, समन खान ने भी स्टेशन प्रबंधन को शिकायत ज्ञापन सौंपा था।
उसके पहले 27 मार्च को ज्ञापन सौपा था। उससे पहले 31 जनवरी को रेलवे स्टेशन का घेराव और नारेबाजी की थी। सप्ताह में काम शुरू नहीं होने पर रेल रोको जैसा आंदोलन करने चेतावनी दी थी। लेकिन आज तक काम शुरू नहीं हुआ है। 12 मई को सुबह 10 बजे पार्षद कार्यालय स्टेशन पारा में एकत्रित होकर प्रदर्शन किया जाएगा।

