Rajnandgaon: प्रेम प्रसंग में धोखा और जातिगत अपमान से आहत युवती ने लगाई फांसी, आरोपी पर मामला दर्ज…
राजनांदगांव जिले के डोंगरगांव थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां प्रेम प्रसंग में धोखा और कथित जातिगत अपमान से आहत होकर एक युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मामले में आरोपी युवक के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतिका (23 वर्ष) निवासी ग्राम रातापायली का ग्राम अर्जुनी निवासी एक युवक के साथ प्रेम संबंध था। घटना के दिन युवती, युवक के घर पहुंची थी, जहां आरोपी और उसके परिवारजनों द्वारा उसके साथ विवाद किया गया। इस दौरान युवती को “अलग जाति” का बताते हुए गाली-गलौज और धक्का-मुक्की कर घर से बाहर निकाल दिया गया।
परिजनों के अनुसार, इस घटना से आहत और अपमानित होकर युवती अपने घर वापस लौटी और पुराने मकान के परछी में फांसी लगा ली। परिजन उसे गंभीर हालत में शासकीय मेडिकल कॉलेज पेंड्री, राजनांदगांव लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
जांच में यह भी सामने आया है कि घटना से पांच दिन पहले युवती ने थाना डोंगरगांव में एक लिखित शिकायत दी थी, जिसमें आरोपी पर प्रेम संबंध के दौरान शारीरिक संबंध बनाने के बाद शादी से इंकार करने का आरोप लगाया गया था।
पुलिस जांच में पाया गया कि आरोपी द्वारा शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाना और बाद में मुकर जाना, साथ ही जातिगत अपमान और प्रताड़ना के कारण युवती मानसिक रूप से परेशान थी। इसी से आहत होकर उसने यह कदम उठाया।
पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 108 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया है। मामले की जांच जारी है।



