मध्य प्रदेशराज्‍य

आस्था, परंपरा और राष्ट्रभक्ति का संगम बना पुराना नाका, युवाओं ने जोश से सजाया 21वां मटकी फोड़ उत्सव, रामपुरिया की टीम ने फोड़ी मटकी

By Admin|05 Sep 2026, 8:36 PM
f X W

पेटलावद। जन्माष्टमी के पावन अवसर पर नगर के पुराने नाका पर श्री पुराना नाका राधा-कृष्ण मित्र मंडल के तत्वावधान में 21वीं मटकी फोड़ प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। धार्मिक आस्था, भारतीय संस्कृति और राष्ट्रभक्ति से सराबोर इस आयोजन में नगर सहित आसपास के क्षेत्रों से हजारों की संख्या में श्रद्धालु एवं दर्शक पहुंचे। कार्यक्रम की शुरुआत विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ हुई। रिस्क नृत्य अकादमी के कलाकारों ने भगवान गणेश, राधा-कृष्ण, भगवान महादेव एवं पारंपरिक नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया। वहीं गुजरात से आए कलाकारों ने राधा-कृष्ण की सुंदर रासलीला प्रस्तुत कर पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। स्थानीय युवाओं ने गरबा एवं भक्ति गीतों की प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में उत्साह का रंग भर दिया।

आधी रात को हुई महाआरती, फिर गूंजा वंदे मातरम्
रात्रि 12 बजे भगवान राधा-कृष्ण की भव्य महाआरती संपन्न हुई। इसके पश्चात उपस्थित श्रद्धालुओं एवं नगरवासियों ने एक साथ राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन किया। हजारों लोगों की एक साथ उठती आवाज से पूरा पुराना नाका राष्ट्रभक्ति के भाव से गूंज उठा। भक्ति और राष्ट्रभक्ति का यह अनूठा संगम आयोजन का विशेष आकर्षण रहा।

रोमांचक मुकाबले में रामपुरिया की टीम विजेता
महाआरती के बाद मटकी फोड़ प्रतियोगिता शुरू हुई, जिसका रोमांच रात करीब 1 बजे तक बना रहा। क्रेन की सहायता से ऊंचाई पर लटकाई गई मटकी को फोड़ने के लिए विभिन्न टीमों ने पूरे उत्साह और जोश के साथ प्रयास किए। कई रोमांचक प्रयासों के बाद रामपुरिया की टीम ने मटकी फोड़कर विजय हासिल की। विजेता टीम को 11,111 रुपये का नगद पुरस्कार श्री अतुल चौधरी द्वारा प्रदान किया गया।

READ ALSO  . छतरपुर में भीषण सड़क हादसा: पिकअप पलटने से 37 मजदूर घायल, 16 गंभीर

गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति ने बढ़ाई आयोजन की शोभा
कार्यक्रम में क्षेत्र के अनेक गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह विभाग कार्यवाह आकाश चौहान, हिंदू जागरण मंच के जिला सह संयोजक प्रकाश प्रजापत, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व रितिका पाटीदार, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस अनुरक्ति सबनानी, जनपद पंचायत अध्यक्ष रमेश सोलंकी, थाना प्रभारी निर्भय सिंह भूरिया, नगर परिषद मुख्य अधिकारी राहुल वर्मा एवं नगर परिषद अध्यक्ष ललिता योगेश गामड़ सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी कार्यक्रम में उपस्थित रहे। अतिथियों ने भगवान राधा-कृष्ण की पूजा-अर्चना कर आयोजन की सराहना की तथा युवाओं द्वारा धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने के प्रयास की प्रशंसा की। अतिथियों की उपस्थिति से आयोजन की गरिमा और उत्साह दोनों बढ़े।

पुलिस और विद्युत विभाग ने संभाली व्यवस्था
हजारों की संख्या में उमड़ी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन एवं विद्युत विभाग के कर्मचारियों ने पूरी मुस्तैदी के साथ अपनी सेवाएं दीं। सुरक्षा, यातायात एवं विद्युत व्यवस्था को व्यवस्थित बनाए रखने में प्रशासन का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।

युवाओं की मेहनत से यादगार बना 21वां आयोजन
आयोजन को सफल एवं यादगार बनाने में मंडल के साथी खुश मांडोत, रचित गादिया, सिद्धू गुगलिया, श्रेयल पटवा, चेतन जैन, शुभम निमजा, विनोद चौधरी, खुश कलाल, पंकज परमार, लक्ष्य चौधरी एवं प्रफुल्ल गोयल सहित पूरी आयोजन समिति का विशेष योगदान रहा। इस अवसर पर मंडल के वरिष्ठ साथी राकेश मांडोत, प्रदीप पटवा, अनिल मुलेवा, करण बाबा व्यास, लाला चौधरी, कमलेश भानपुरिया एवं नाना गोयल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं नगरवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन लोकु परिहार ने किया।

READ ALSO  मध्यप्रदेश सेमीकंडक्टर समिट-2026 में लगभग 5,800 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त
अगली खबर लोड हो रही है...

Related Articles

Back to top button