CG CRIME : कांग्रेस नेता पर जानलेवा हमला, मॉर्निंग वॉक के दौरान तीन नकाबपोश बदमाशों ने घेरा, रायपुर रेफर

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर शहर में रविवार सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले कांग्रेस नेता श्याम कश्यप पर तीन नकाबपोश बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया। बदमाशों ने रेलवे अस्पताल के पास उन्हें घेरकर डंडों और नुकीले हथियार से ताबड़तोड़ वार किए। हमले में श्याम कश्यप गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, श्याम कश्यप रोज की तरह सुबह करीब 6:45 बजे मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। जब वे रेलवे अस्पताल के समीप पहुंचे, तभी मुंह पर कपड़ा बांधे तीन अज्ञात हमलावरों ने उन्हें चारों ओर से घेर लिया। इसके बाद आरोपियों ने डंडों और नुकीले हथियार से लगातार हमला किया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावरों ने घटना के दौरान जान से मारने की धमकी भी दी और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए।
हमले में श्याम कश्यप के सिर, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आई हैं। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें रेलवे अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने रायपुर रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही तारबाहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और हमलावरों की पहचान के साथ-साथ हमले के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी हुई है।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। हमले के कारणों का खुलासा आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही हो सकेगा।




