उत्तर प्रदेशराज्‍य

पर्यटकों को मिलेगा नया अनुभव, रामगढ़ताल में खुलेगा अनोखा बैंबू रेस्टोरेंट

By Admin|11 Jul 2026, 9:11 PM
f X W

 गोरखपुर
 रामगढ़ताल को पर्यटन की दृष्टि से और आकर्षक बनाने की दिशा में गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) को बड़ी सफलता मिली है। नया सवेरा पार्ट-2 से जुड़े टर्टल आइलैंड पर प्रस्तावित अत्याधुनिक ईको-फ्रेंडली बैंबू रेस्टोरेंट को राज्य आर्द्रभूमि प्राधिकरण ने स्वीकृति प्रदान कर दी है।

मंजूरी मिलने के बाद जीडीए अब इसकी विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर जल्द ही रिक्वेस्ट फार प्रपोजल (आरएफपी) जारी करेगा। चयनित एजेंसी रेस्टोरेंट का निर्माण और संचालन करेगी, जबकि निर्माण की गुणवत्ता और डिजाइन संबंधी मानक जीडीए तय करेगा।

प्रस्तावित बैंबू रेस्टोरेंट नया सवेरा पार्ट-2 से सटे टर्टल आइलैंड पर लगभग एक एकड़ क्षेत्र में विकसित किया जाएगा। वर्तमान में इस स्थान का उपयोग रामगढ़ताल में मत्स्य पालन करने वाले लोगों द्वारा मछलियों की खरीद-बिक्री के लिए किया जाता है। पर्यटकों की सुविधा और परियोजना के सुचारु संचालन को देखते हुए इस गतिविधि को सहारा एस्टेट की ओर स्थानांतरित कर दिया गया है। इससे पर्यटक सीधे नया सवेरा पार्ट-2 से रेस्टोरेंट तक आसानी से पहुंच सकेंगे।

राज्य आर्द्रभूमि प्राधिकरण ने स्वीकृति देते समय स्पष्ट किया है कि परियोजना का संचालन आर्द्रभूमि संरक्षण और रामसर सम्मेलन के सभी प्रविधानों के अनुरूप किया जाएगा। रेस्टोरेंट के निर्माण में कंक्रीट, स्टील अथवा किसी भी प्रकार के स्थायी ढांचे की अनुमति नहीं होगी। पूरी संरचना मुख्य रूप से बांस और अन्य पर्यावरण अनुकूल सामग्रियों से तैयार की जाएगी, ताकि ताल के प्राकृतिक स्वरूप और जैव विविधता पर कोई प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।

बैंबू रेस्टोरेंट शुरू होने से रामगढ़ताल आने वाले पर्यटकों को प्राकृतिक वातावरण के बीच भोजन का नया अनुभव मिलेगा। यहां आने वाले सैलानी ताल के मनोरम दृश्य का आनंद लेने के साथ विभिन्न व्यंजनों का स्वाद भी ले सकेंगे। इसके संचालन से मिलने वाले किराये और अन्य राजस्व से गोरखपुर विकास प्राधिकरण की आय बढ़ेगी, जिसे शहर के अन्य विकास कार्यों में खर्च किया जाएगा।

READ ALSO  ग्वालियर में त्योहार से पहले बड़ी बरामदगी, 600 किलो विस्फोटक सामग्री पकड़ी; कार्बाइड गन पर पहले ही लग चुका है बैन

मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में रामगढ़ताल पूर्वांचल के प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित हो रहा है। वाटर स्पोर्ट्स जैसी गतिविधियों के बाद अब ईको-फ्रेंडली बैंबू रेस्टोरेंट इस पर्यटन स्थल की आकर्षण क्षमता को नई ऊंचाई देगा।
– अभिनव गोपाल, उपाध्यक्ष जीडीए

अगली खबर लोड हो रही है...

Related Articles

Back to top button