छत्तीसगढ़

ओलंपिक मानक के स्विमिंग पूल, सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक और स्केटिंग रिंग के निर्माण में तेजी लाने के निर्देश

By Admin|19 Oct 2026, 9:41 PM
f X W

रायपुर

 रायगढ़ शहर को आधुनिक, सुव्यवस्थित और बेहतर नागरिक सुविधाओं से युक्त बनाने की दिशा में वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक  ओ.पी. चौधरी ने सोमवार को शहर में संचालित विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों का सघन निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। निर्माण कार्यों में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए तथा प्रत्येक परियोजना में नागरिकों की सुविधाओं और भविष्य की आवश्यकताओं को प्राथमिकता दी जाए।

वित्त मंत्री  चौधरी ने जोगीडीपा में निर्माणाधीन कैनाल लिंक रोड, बोइरदादर स्टेडियम में स्विमिंग पूल एवं एथलेटिक ट्रैक, प्रगतिनगर मरीन ड्राइव, फटहामुड़ा एवं मिट्ठूमुड़ा तालाब के सौंदर्यीकरण तथा किसान राइस मिल परिसर में विकसित किए जा रहे ऑक्सीजोन का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से परियोजनाओं की प्रगति, निर्माण की गुणवत्ता और पूर्णता की समय-सीमा की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने कहा कि विकास कार्यों का नियमित निरीक्षण आवश्यक है, ताकि जमीनी स्तर पर प्रगति का आकलन करने के साथ नागरिकों के सुझावों के अनुरूप आवश्यक सुधार भी किए जा सकें।

कैनाल लिंक रोड से मजबूत होगी शहर की कनेक्टिविटी, यातायात को मिलेगी राहत

वित्त मंत्री  चौधरी ने जोगीडीपा में निर्माणाधीन कैनाल लिंक रोड का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। यह महत्वपूर्ण सड़क केवड़ाबाड़ी बस स्टैंड को न्यू एवं ओल्ड मरीन ड्राइव रोड से जोड़ेगी। इसके निर्माण से शहर के विभिन्न क्षेत्रों के बीच आवागमन सुगम होगा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। उन्होंने सड़क निर्माण से जुड़े सीमांकन सहित अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं को शीघ्र पूरा करने तथा सड़क निर्माण और सौंदर्यीकरण के कार्यों में बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

READ ALSO  CG : रिश्वत लेने के आरोप में पटवारी निलंबित ...

बोइरदादर स्टेडियम में विकसित होंगी आधुनिक खेल सुविधाएं

वित्त मंत्री ने बोइरदादर स्टेडियम में निर्माणाधीन ओलंपिक मानक के स्विमिंग पूल, सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक और स्केटिंग रिंग का निरीक्षण किया। उन्होंने इन परियोजनाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही एथलेटिक ट्रैक पर जमा मलबे को हटाने और परिसर को व्यवस्थित रखने के लिए कहा।

 चौधरी ने कहा कि रायगढ़ के खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। खेल अधोसंरचना का विकास खिलाड़ियों की वास्तविक आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर किया जाए। उन्होंने खिलाड़ियों की समस्याओं और सुझावों पर ध्यान देने के साथ स्टेडियम परिसर में ओपन जिम जैसी सुविधाओं के विकास पर भी जोर दिया।

फटहामुड़ा और मिट्ठूमुड़ा तालाब बनेंगे आकर्षक सार्वजनिक स्थल

शहर के तालाबों को स्वच्छ, सुंदर और नागरिकों के लिए उपयोगी बनाने की दिशा में संचालित सौंदर्यीकरण कार्यों का भी वित्त मंत्री ने निरीक्षण किया। फटहामुड़ा तालाब परिसर में पाथवे, गार्डन, ओपन जिम, पचरी, फाउंटेन और आकर्षक प्रकाश व्यवस्था विकसित की जा रही है। इन सुविधाओं के पूर्ण होने से नागरिकों को सुबह-शाम भ्रमण, व्यायाम और मनोरंजन के लिए बेहतर सार्वजनिक स्थल उपलब्ध होगा।

इसी प्रकार मिट्ठूमुड़ा तालाब परिसर में प्रवेश मार्ग, पार्किंग, पार्क, पाथवे, ओपन जिम और अन्य नागरिक सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। वित्त मंत्री ने तालाबों के सौंदर्यीकरण को समग्र विकास परियोजना के रूप में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण कार्यों में सीपेज जैसी समस्याओं से बचाव के लिए विशेष सावधानी बरतने को कहा। इस दौरान स्थानीय नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव भी सुने। मिट्ठूमुड़ा में नागरिकों की मांग पर उन्होंने मंदिर निर्माण के लिए 1 लाख 50 हजार रुपये की सहायता देने की बात कही।

READ ALSO  CG : छत्तीसगढ़ के बेरोजगार युवाओं के लिए आज सुनहरा मौका! धमतरी में 630 से ज्यादा पदों पर भर्ती ....

किसान राइस मिल परिसर में विकसित हो रहा ऑक्सीजोन, नागरिकों को मिलेगा हरित और स्वास्थ्यवर्धक वातावरण

वित्त मंत्री  चौधरी ने प्रगतिनगर मरीन ड्राइव में संचालित विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इसके बाद किसान राइस मिल परिसर में विकसित किए जा रहे ऑक्सीजोन का निरीक्षण किया। यहां नागरिकों के लिए ओपन जिम, पाथवे, योग केंद्र सहित विभिन्न सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि शहर में हरित क्षेत्रों का विस्तार और स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करने वाली सुविधाओं का विकास अत्यंत आवश्यक है। ऑक्सीजोन जैसे स्थल नागरिकों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने के साथ स्वास्थ्य और मनोरंजन की दृष्टि से भी उपयोगी साबित होंगे।

विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में रायगढ़ निभाएगा महत्वपूर्ण भूमिका : वित्त मंत्री  चौधरी

निरीक्षण के दौरान वित्त मंत्री  ओ.पी. चौधरी ने कहा कि रायगढ़ के विकास कार्यों की नियमित समीक्षा और स्थल निरीक्षण उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। जब भी वे रायगढ़ में रहते हैं, जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ विकास कार्यों का निरीक्षण कर उनकी वास्तविक स्थिति जानने का प्रयास करते हैं। इससे निर्माण कार्यों की प्रगति के साथ नागरिकों की अपेक्षाओं और आवश्यक सुधारों की जानकारी मिलती है।

उन्होंने कहा कि रायगढ़ लंबे समय से राजस्व के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ को महत्वपूर्ण योगदान देता रहा है। हमारा प्रयास है कि आने वाले समय में रायगढ़ शिक्षा, खेल, अधोसंरचना, पर्यावरण संरक्षण और आधुनिक नागरिक सुविधाओं के क्षेत्र में भी नई पहचान बनाए। जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के समन्वित प्रयासों से रायगढ़ को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जाएगा, ताकि विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में रायगढ़ महत्वपूर्ण भूमिका निभा सके।

READ ALSO  CG : पं. जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज में वार्षिक खेल समारोह ‘एनिग्मा 9.0’ के अंतर्गत पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित

निरीक्षण के दौरान महापौर  जीवर्धन चौहान, सभापति  डिग्री लाल साहू, कलेक्टर  मयंक चतुर्वेदी सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, पार्षदगण, गणमान्य नागरिक तथा नगर निगम एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

अगली खबर लोड हो रही है...

Related Articles

2

Back to top button