राजनांदगांव , राजगामी संपदा की जमीनों पर हुए अतिक्रमण हटाए जाएंगे। इसके लिए पहले संबंधित भूमि का सीमांकन कराया जाएगा और फिर अवैध कब्जाधारियों के खिलाफ कार्रवाई होगी। वहीं, शहर के गोलबाजार स्थित मटन मार्केट को दूसरी जगह शिफ्ट करने का निर्णय लिया गया है। इसके अलावा रानी सूर्यमुखी देवी की प्रतिमा स्थापना के लिए 11 लाख रुपए की राशि स्वीकृत करने का प्रस्ताव पारित किया गया। ये अहम फैसले शुक्रवार को राजगामी संपदा की साधारण सभा की बैठक में लिए गए।
अध्यक्ष पूर्णिमा साहू की अध्यक्षता में हुई बैठक में राजगामी संपदा की जमीनों और संपत्तियों के प्रबंधन, लंबित किराया वसूली तथा शहर के विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। बैठक में गोलबाजार के मटन मार्केट का किराया और बकाया किराया निरस्त करने के साथ ही वर्तमान मार्केट को अन्यत्र विस्थापित करने पर सहमति बनी। इससे बाजार क्षेत्र की व्यवस्था में बदलाव होगा। राजगामी संपदा की शहरी क्षेत्र में स्थित जमीनों पर अतिक्रमण के मामलों को लेकर भी निर्णय लिया गया। संबंधित जमीनों का सीमांकन कराकर अवैध कब्जाधारियों को हटाने की कार्रवाई की जाएगी। लंबे समय से किराया और अन्य देय राशि जमा नहीं करने वाले बकायादारों को नोटिस जारी किए जाएंगे। इसके बाद नियमानुसार बकाया राशि की वसूली की जाएगी।
गोल ऑफिस भवन की मरम्मत भी कराई जाएगी बैठक में रानी सूर्यमुखी देवी की प्रतिमा स्थापना के लिए 11 लाख रुपए की राशि स्वीकृत करने का प्रस्ताव पारित किया गया। वहीं, गोलबाजार स्थित गोल ऑफिस भवन का रंगरोगन और जीर्णोद्धार कराया जाएगा। रॉयल किड्स, वाइडनर स्कूल और गुजराती स्कूल की जमीनों का भी सीमांकन कराने का निर्णय लिया गया, ताकि संपत्तियों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके।
