राजनांदगांव : किसानों की परेशानी पर सख्त प्रशासन, लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदारों पर होगी कार्रवाई...
राजनांदगांव , जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होने में अब महज दो दिन शेष हैं। ऐसे में प्रशासन ने खरीदी व्यवस्था को लेकर निगरानी और सख्ती बढ़ा दी है। कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने स्पष्ट कहा है कि धान बेचने के लिए उपार्जन केंद्रों में पहुंचने वाले किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। केंद्रों में किसानों के लिए सभी जरूरी सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं, ताकि खरीदी प्रक्रिया सुगम और पारदर्शी तरीके से संचालित हो सके। वहीं दूसरे राज्यों और सीमावर्ती क्षेत्रों से होने वाले अवैध धान परिवहन पर प्रभावी रोक लगाने तथा धान के अवैध कारोबार में संलिप्त कोचियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने बुधवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में धान खरीदी की तैयारियों के साथ शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं और जिले में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की।
कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि 15 नवंबर से शुरू होने वाली धान खरीदी में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। सभी उपार्जन केंद्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित कर ली जाएं। खरीदी के दौरान किसानों को टोकन, धान विक्रय और अन्य प्रक्रियाओं में अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को खरीदी केंद्रों की सतत निगरानी करने और अवैध धान परिवहन पर विशेष नजर रखने कहा। सीमावर्ती क्षेत्रों से दूसरे राज्यों का धान जिले में खपाने की कोशिश करने वालों और कोचियों के खिलाफ कार्रवाई में किसी तरह की ढिलाई नहीं बरतने के निर्देश दिए।
योजनाओं की समीक्षा कर लक्ष्य पूरा करने कहा बैठक में कलेक्टर ने अटल मॉनिटरिंग पोर्टल के माध्यम से विभिन्न विभागों की योजनाओं, विकास कार्यों और निर्धारित लक्ष्यों के विरुद्ध हुई प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को पोर्टल में योजनाओं की जानकारी नियमित रूप से अपडेट करने के निर्देश दिए। आंकड़े तथ्यात्मक, सटीक और अद्यतन होने चाहिए, ताकि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं की वास्तविक स्थिति का आकलन किया जा सके। जिन योजनाओं और कार्यों में प्रगति धीमी है, उनमें तेजी लाने कहा।
