
अंबागढ़ चौकी , नगर पंचायत को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने और राजस्व बढ़ाने के लिए अंबागढ़ चौकी की प्राइम लोकेशन पर व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स बनाने की कार्ययोजना तैयार की गई है। इससे निकाय की आमदनी बढ़ने के साथ स्थानीय युवाओं व व्यापारियों को रोजगार के अवसर मिलेंगे।
राज्य शासन ने बस स्टैंड के पास 20 डिसमिल रिक्त शासकीय भूमि नगर पंचायत को आवंटित कर दी है, जिससे निर्माण प्रक्रिया तेज हो गई है। नगर पंचायत अध्यक्ष अनिल मानिकपुरी के मुताबिक वार्ड क्रमांक 9 में बस स्टैंड के समीप वन विभाग के पुराने एसडीओ कार्यालय का खंडहर भवन डिस्मेंटल कराने के बाद स्थल निरीक्षण किया गया।
रायपुर से आई नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की आर्किटेक्ट टीम ने जमीन की नाप-जोख कर प्राक्कलन (स्टीमेट) के लिए सर्वे किया। टीम ने अध्यक्ष, जनप्रतिनिधियों व उपयंत्री योगेश्वर सिंह ठाकुर के साथ तकनीकी सुझाव साझा किए। इस दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष आशीष द्विवेदी, मंडल महामंत्री विमल यादव, जिला पंचायत सदस्य नोहरूराम रजक, एल्डरमैन सैयद अजहरुद्दीन, नपं कर्मी व नागरिक मौजूद थे।
गुमठी के साथ ही अस्थायी दुकानदारों को होगी राहत कॉम्प्लेक्स निर्माण से पुराने एसडीओ क्वार्टर के सामने अस्थायी आवंटन या गुमठी लगाकर कारोबार कर रहे करीब 7 से 8 दुकानदार प्रभावित होंगे। अध्यक्ष अनिल मानिकपुरी ने भरोसा दिलाया कि उनके हितों का ध्यान रखते हुए नए कॉम्प्लेक्स में दुकान आवंटन में विशेष राहत दी जाएगी। परिसर में पार्किंग बनाएंगे।
मंगल भवन, टाउन हॉल और परमेश्वरी नगर में भी तैयारी बस स्टैंड स्थित मंगल भवन के पास 10 डिसमिल शासकीय भूमि पर भी कॉम्प्लेक्स प्रस्तावित है, जहां पहले वन रक्षक का क्वार्टर था जिसे डिस्मेंटल कराया गया है। चौकी-चिल्हाटी मुख्य मार्ग पर मां दंतेश्वरी मंदिर के नीचे टाउन हॉल के पास नपं की खाली जमीन और चिल्हाटी मार्ग स्थित परमेश्वरी नगर में सड़क किनारे कॉम्प्लेक्स बनाएंगे।
पालिका बाजार योजना व पीपीपी मॉडल पर विचार अनिल मानिकपुरी ने बताया कि वार्ड क्रमांक 3, 9, 5 और 6 में कॉम्प्लेक्स निर्माण की योजना है। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के संचालक व वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा के बाद पहले मुख्यमंत्री पालिका बाजार योजना में प्रस्ताव भेजा जाएगा, जबकि जरूरत पड़ने पर पीपीपी मॉडल पर भी काम करने पर विचार है।


