
राजनांदगांव : ग्रीष्मकालीन शिविर में निखर रही युवा खिलाड़ियों की प्रतिभा…
राजनांदगांव , दिग्विजय स्टेडियम के इंडोर हॉल में इन दिनों दिग्विजय स्टेडियम समिति द्वारा ग्रीष्मकालीन टेबल टेनिस प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर में 18 वर्ष तक की आयु के बालक एवं बालिकाएं हिस्सा लेकर टेबल-टेनिस खेल की बारीकियां सीख रहे हैं।
प्रशिक्षण शिविर पूर्णतः निशुल्क रखा गया है, जिससे बड़ी संख्या में बच्चे उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं। शिविर में टेबल टेनिस एसोसिएशन के सुरेंद्र सिंह बग्गा, अरुण चौधरी एवं अनिल डुलानी के मार्गदर्शन में प्रशिक्षकों द्वारा खिलाड़ियों को खेल की तकनीक, नियम एवं आवश्यक कौशल की जानकारी दी जा रही है।
प्रशिक्षण प्रतिदिन सुबह एवं शाम दो चरणों में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें छोटे-छोटे बच्चे नियमित रूप से भाग लेकर अभ्यास कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि जो बच्चे टेबल टेनिस सीखने के इच्छुक हैं, वे अपने अभिभावकों के साथ अथवा स्वयं स्टेडियम पहुंचकर पंजीयन करा सकते हैं। शिविर का उद्देश्य बच्चों को खेलों के प्रति प्रेरित करना एवं उनकी प्रतिभा को निखारना है।
टेबल टेनिस के प्रति बच्चों में अच्छा उत्साह: दिग्विजय स्टेडियम समिति के सहसचिव योगेश बागड़ी ने बताया कि पहली बार समिति द्वारा विभिन्न खेलों के ग्रीष्मकालीन प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। बच्चों में अच्छा उत्साह देखने मिल रहा है।

