राजनांदगांव , विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने बुधवार को 6 करोड़ 42 लाख 70 हजार रुपए की लागत से जिला चिकित्सालय के प्लिंथ अपग्रेडेशन व उन्नयन कार्य का लोकार्पण तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय का शिलान्यास किया। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन ने कहा कि आज स्वास्थ्य क्षेत्र के बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने के लिए 3 करोड़ 56 लाख 70 हजार की लागत से निर्मित जिला चिकित्सालय भवन के ऊंचाई विस्तार कार्य का लोकार्पण किया गया है।
2 करोड़ 86 लाख रुपए की लागत से मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य कार्यालय के नवीन भवन निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। कहा कि शहर में स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए मजबूत अधोसंरचना है। राजनांदगांव जिला चिकित्सालय एवं शासकीय मेडिकल कालेज से स्वास्थ्य सेवाएं लेने वाले मरीजों की प्रतिक्रिया सकारात्मक रही है। जिला प्रशासन द्वारा इसके लिए सक्रियता व सजगता से कार्य किया जा रहा है। यह टीम के लिए उपलब्धि है। शिशु मृत्यु दर एवं मातृ मृत्यु दर सबसे बड़ी चुनौती है। जिसके खिलाफ राजनांदगांव जिले में लड़ाई लड़ी जा रही है। जिसके अच्छे परिणाम मिल रहे हैं।
मातृ मृत्यु दर के आंकड़े राज्य के औसत से कम है, यह एक सुखद संकेत है। जिला चिकित्सालय को और भी स्वास्थ्य सुविधाओं से लैस किया जाएगा। कहा कि प्रदेश में बेहतरीन स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में राजनांदगांव का जिला चिकित्सालय अग्रणी रहे। कहा कि जिला चिकित्सालय में छत की मरम्मत कराने, लिफ्ट का सुधार कार्य कराने, डीएमएफ मद से 2 स्त्री रोग विशेषज्ञ, डेंटल एक्स-रे मशीन, सेपरेटर मशीन की व्यवस्था की जाएगी। राज्य के बजट से यहां की अन्य दिक्कतों को दूर करने का प्रयास किया जाएगा।
चिकित्सालय की समस्याओं से अवगत कराया: चर्चा के दौरान डॉक्टर्स ने जिला चिकित्सालय की समस्याओं से अवगत कराया। जिसके तहत मरीजों को बेहतर सुविधा प्रदान करने के लिए जीवनदीप समिति मद से 1 नग निश्चेतना वर्क स्टेशन, 1 नग सीलिंग ओटी लाईट, 2 नग मल्टी पैरामॉनीटर एवं 1 नग वर्टिकल ऑटोक्लेव मशीन, नवीन मेजर ऑपरेशन थियेटर, बर्न यूनिट, लू-वार्ड, जीवनदीप समिति सभाकक्ष, औषधि मुख्य भण्डार कक्ष के लिए कुल 12 नग एसी, 100 बिस्तर मातृ शिशु अस्पताल में गर्भवती माताओं एवं एसएनसीयू एवं पीएनसी वार्ड में थ्री-सीटर वेटिंग चेयर, ई-ऑफिस के सुचारू संचालन एवं क्रियान्यवन के लिए 6 नग डैस्कटॉप, प्रिंटर एवं यूपीएस को क्रय करने जिलाधीश एवं अध्यक्ष जीवनदीप समिति को अनुसंशा की गई।
इस अवसर पर महापौर मधुसूदन यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण वैष्णव, पूर्व सांसद अभिषेक सिंह, कोमल सिंह राजपूत, गौतम पारख, जीवनदीप समिति से गुरमुख दास, राजेश श्यामकर, भागचंद, अरविंद, कांति कुमार फुले, आनंद साहू, संदीप भट्टाचार्य, रेखा मेश्राम, खेमीन यादव, अकरम कुरैशी सहित अनेक लोग मौजूद थे।
आज एक नया स्वरूप देखने मिल रहा: पांडेय सांसद संतोष पाण्डेय ने कहा कि जिला चिकित्सालय का आज एक नया स्वरूप देख रहे हैं और आज यह नए कलेवर के साथ जिलेवासियों को मिला है। जिला चिकित्सालय के डॉक्टर एवं नर्स तत्परता के साथ स्वास्थ्य सेवाएं दे रहे हैं। यहां जिला चिकित्सालय में ऊंचाई विस्तार एवं उन्नयन की आवश्यकता थी, जिसकी पूर्ति की गई है। कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने कहा कि जिला चिकित्सालय की टीम का यह दायित्व है कि समय पर मेहनत करते हुए सही दिशा एवं आयामों में कार्य करें।
