राजनांदगांव : नाबालिग से दुष्कर्म, खुदकुशी के लिए उकसाया, आरोपी गिरफ्तार…
राजनांदगांव , सोमनी थाना पुलिस ने नाबालिग लड़की से दुष्कर्म करने और उसे आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार पीड़िता की मां ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी नाबालिग बेटी दो-तीन महीने पहले टेडे़सरा स्थित एक कॉल सेंटर में काम करने आई थी। वह पहले एक ढाबे में रहती थी, बाद में किराए के मकान में रहने लगी। परिजनों का आरोप है कि आरोपी रंजीत सिंह लड़की के साथ मारपीट करता था और उसकी इच्छा के विरुद्ध शारीरिक संबंध बनाता था। घर जाने की बात करने पर उसे कमरे में बंद कर दिया जाता था।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि आरोपी की प्रताड़ना से परेशान होकर युवती ने आत्महत्या कर ली। मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 64, 127(2), 108 तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 3 और 4 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान आरोपी रंजीत सिंह (22 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसके खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
