
राजनांदगांव : इंस्टाग्राम से पहचान, फिर टेड़ेसरा की लड़की ने की 3 लाख की ठगी…
राजनांदगांव , इंस्टाग्राम पर हुई पहचान के बाद बीमारी और पारिवारिक प्रताड़ना की कहानी सुनाकर एक छात्र से तीन लाख रुपए ठगने का मामला सामने आया है। पीड़ित युवक की शिकायत पर बसंतपुर थाना पुलिस मामले की जांच शुरु की है।
पीड़ित ने बताया कि आरोपिता से उसकी पहचान इंस्टाग्राम में हुई थी जिसके बाद से ही उससे ठगी की जाती रही। पुलिस के अनुसार नंदई निवासी 21 वर्षीय ओम सोनकर ने टेड़ेसरा निवासी दामिनी उर्फ कविता कोचेकर, सोनल उर्फ बबीता कोचेकर और मोनू चिरोड़कर के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है। युवक ने आरोप लगाया है कि अप्रैल 2024 में उसकी पहचान दामिनी से इंस्टाग्राम के माध्यम से हुई थी।
शिकायत में कहा गया है कि दामिनी ने खुद को ब्लड कैंसर, माइग्रेन और अन्य बीमारियों से पीड़ित बताया। दामिनी ने अपनी बहन सोनल और मोनू चिरोड़कर के साथ मिलकर अलग-अलग बैंक खातों में आनलाइन ट्रांसफर कराए। कभी दो हजार तो कभी आठ हजार रुपये के हिसाब से करीब तीन लाख रुपये लिए गए। इसके अलावा आरोपितों ने वीवो वी50 मोबाइल की ईएमआइ का भुगतान भी युवक से कराया।
पीडि़त के मुताबिक इसी माह उसे पूरे मामले में धोखाधड़ी का अहसास हुआ। जब उसने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपितों ने छेड़छाड़ और दुष्कर्म के झूठे मामले में फंसाकर जेल भिजवाने की धमकी दी। मामले में बसंतपुर थाना पुलिस ने बीएनएस की धारा 318, 308, 351(2) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अलग-अलग एंगल से मामले की पड़ताल कर रहे हैं।


