
राजनांदगांव : एशियाई मंच पर शहर की ज्ञानेश्वरी यादव ने जीते सिल्वर और कांस्य पदक …
राजनांदगांव l छत्तीसगढ़ की युवा वेटलिफ्टर ज्ञानेश्वरी यादव ने सीनियर एशियाई वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए सिल्वर और कांस्य पदक अपने नाम किए हैं। 53 किलोग्राम वर्ग में उतरी ज्ञानेश्वरी ने कुल 194 किलोग्राम वजन उठाकर प्रदेश और देश का नाम रोशन किया। उनकी इस उपलब्धि से खेल जगत में खुशी का माहौल है। प्रतियोगिता में ज्ञानेश्वरी यादव ने स्नैच में 88 किलोग्राम और क्लीन एंड जर्क में 106 किलोग्राम वजन उठाया। दोनों प्रयासों को मिलाकर उन्होंने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक हासिल किया।
ज्ञानेश्वरी की इस सफलता पर जिला प्रशासन, कोच अजय लोहार विश्वकर्मा, स्टेडियम समिति, जिला भारोत्तोलन संघ के संरक्षक अजय श्रीवास्तव, अध्यक्ष अमित आजमानी, संघ के पदाधिकारियों, जय भवानी व्यायामशाला और खेल प्रेमियों ने बधाई दी है। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि प्रदेश के युवाओं और विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणादायक है।
मुख्यमंत्री साय ने दी ज्ञानेश्वरी यादव को बधाई: उनकी इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उन्हें बधाई और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि ज्ञानेश्वरी यादव की सफलता पूरे प्रदेश के युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणादायक है। सीमित संसाधनों के बावजूद मेहनत, अनुशासन और समर्पण के बल पर उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जो उपलब्धि हासिल की है, वह खेल इतिहास के लिए गौरव का क्षण है। आने वाले समय में देश के लिए और भी बड़े कीर्तिमान स्थापित करेंगी।


