राजनांदगांव जिले के बसंतपुर थाना क्षेत्र में इंस्टाग्राम के जरिए दोस्ती कर बीमारी और पारिवारिक परेशानी का झांसा देकर 3 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी की पहचान अप्रैल 2024 में इंस्टाग्राम के माध्यम से एक युवक और दो युवतियों से हुई थी। बातचीत बढ़ने के बाद आरोपियों ने खुद को ब्लड कैंसर, माइग्रेन और अन्य गंभीर बीमारियों से पीड़ित बताकर भावनात्मक रूप से युवक को अपने जाल में फंसा लिया।
आरोपीगण कभी इलाज, कभी राशन और कभी परिवार की मदद के नाम पर लगातार रुपये मांगते रहे। प्रार्थी उनकी बातों में आकर अलग-अलग किश्तों में कुल 3 लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर चुका था। बाद में ठगी का एहसास होने पर जब उसने रकम वापस मांगी, तो आरोपियों ने उसे झूठे मामले में फंसाने की धमकी देना शुरू कर दिया।
मामले की शिकायत मिलने पर राजनांदगांव पुलिस ने थाना बसंतपुर में अपराध क्रमांक 244/2026 दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर व नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई।
थाना प्रभारी निरीक्षक एमन साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दबिश देकर तीनों आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने विधिवत कार्रवाई करते हुए तीनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में एक युवक और दो युवतियां शामिल हैं। तीनों आरोपी ग्राम टेडेसरा थाना सोमनी जिला राजनांदगांव के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर अनजान लोगों की भावनात्मक बातों में आकर पैसे ट्रांसफर न करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
