छत्तीसगढ़रायपुर जिला

CG : नौकरी दिलाने के नाम पर 1.5 करोड़ की ठगी, शिक्षक-क्लर्क गिरफ्तार …

रायपुर । रायपुर ग्रामीण पुलिस ने नौकरी के नाम पर ठगी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने शिक्षा विभाग सहित कई सरकारी विभागों में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 34 लोगों से करीब 1.5 करोड़ रुपये की ठगी की।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ निवासी राजेश शर्मा (शासकीय स्कूल शिक्षक) और मनोज कुमार श्रीवास्तव (निजी स्कूल क्लर्क) के रूप में हुई है। दोनों ने मिलकर फर्जी नियुक्ति आदेश तैयार किए और उसमें सचिव व उप सचिव के डिजिटल हस्ताक्षरों का दुरुपयोग कर लोगों को ठगा।

फर्जी आदेश से खुला मामला
सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) ने 24 अप्रैल को थाना राखी में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 5 मार्च का एक फर्जी आदेश सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा था, जिसमें विभिन्न विभागों में नियुक्ति की अनुशंसा दर्शाई गई थी। जांच में सामने आया कि इस फर्जी दस्तावेज के जरिए लोगों से पैसे वसूले जा रहे थे।

विशेष टीम ने की कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी जांच और मोबाइल डेटा के आधार पर आरोपी राजेश शर्मा का पता लगाया गया, जिसे डोंगरगढ़ से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने अपने साथी मनोज श्रीवास्तव का नाम बताया, जिसके बाद उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया।

कर्ज में डूबे आरोपी ने रची साजिश
पूछताछ में राजेश शर्मा ने बताया कि आर्थिक तंगी और कर्ज के कारण उसने यह योजना बनाई। दोनों आरोपियों ने कंप्यूटर के जरिए फर्जी नियुक्ति पत्र तैयार कर व्हाट्सएप के माध्यम से लोगों तक पहुंचाए और उनसे मोटी रकम वसूली।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने भिलाई निवासी एक महिला से नौकरी लगाने के नाम पर 1,90,000 रुपये की राशि ली थी, जिसे बाद में वापस कर दिया था। शिकायत सामने आने के बाद आरोपी ने फर्जी आदेश को आगे प्रसारित करना बंद कर दिया।

सामग्री जब्त, धाराएं जोड़ी गईं
दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कंप्यूटर सेट (मॉनिटर, सीपीयू, कीबोर्ड, माउस) एवं प्रिंटर जब्त किया गया। आरोपियों के खिलाफ धारा 319(2), 336(3), 3(5) भारतीय न्याय संहिता एवं 66(डी) आईटी एक्ट की धाराएं जोड़ी गई। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस ठगी में और कौन-कौन शामिल है।

गिरफ्तार आरोपी
राजेश शर्मा उर्फ राजू पिता डी.पी. शर्मा 53 साल निवासी वार्ड नंबर 01 खुटापारा डोंगरगढ़ थाना डोंगरगढ़ जिला राजनांदगांव।
मनोज कुमार श्रीवास्तव पिता अमरेश श्रीवास्तव 52 साल निवासी कुम्हारपारा डोंगरगढ़ थाना डोंगरगढ़ जिला राजनांदगांव।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button