DPR छत्तीसगढ समाचार

CG : सद्भावना स्टेडियम नई लेदरी में युवाओं ने दिखाई खेल प्रतिभा

रेणुका सिंह ने खिलाड़ियों को किया सम्मानित, सरगुजा ओलंपिक में दिखा उत्साह

एमसीबी, मनेंद्रगढ़ स्थित सद्भावना स्टेडियम, नई लेदरी में जिला स्तरीय सरगुजा ओलंपिक 2026 का आयोजन उत्साह और उमंग के साथ संपन्न हुआ। जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में आयोजित इस दो दिवसीय खेल प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं को खेलों से जोड़ना, उनमें सकारात्मक ऊर्जा, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करना रहा। आयोजन के माध्यम से जिले में खेल संस्कृति को मजबूत बनाने और नई खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने का प्रयास किया गया।

प्रतियोगिता के दौरान एथलेटिक्स सहित विभिन्न खेल गतिविधियों में जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से आए खिलाड़ियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपने हुनर व खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। मैदान में खिलाड़ियों का उत्साह, जोश और खेल भावना दर्शकों के लिए आकर्षण का केंद्र रही। प्रतियोगिता ने युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर दिया तथा उन्हें खेलों के माध्यम से आगे बढ़ने की प्रेरणा भी प्रदान की।


कार्यक्रम की मुख्य अतिथि भरतपुर-सोनहत विधानसभा क्षेत्र की विधायक एवं पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री रेणुका सिंह ने खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक और मानसिक विकास का माध्यम हैं, बल्कि युवाओं को सकारात्मक दिशा देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से निरंतर अभ्यास, अनुशासन और समर्पण के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने का आह्वान किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर जिला खेल अधिकारी एमसीबी विनोद जायसवाल ने अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए आयोजन की रूपरेखा और उद्देश्यों की जानकारी दी। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, खेल प्रशिक्षकों एवं खेल प्रेमियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी अतिथियों ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे सफल, प्रेरणादायी एवं युवाओं के लिए लाभकारी बताया। अंत में आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Back to top button