CG : मझौली शिविर में सविता को मौके पर मिला आयुष्मान कार्ड, ग्रामीणों की समस्याओं का हुआ त्वरित निराकरण
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने अपने हाथों से सौंपा आयुष्मान कार्ड, हितग्राही ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं राज्य शासन का जताया आभार
रायपुर , छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी पहल “सुशासन तिहार 2026” के अंतर्गत मनेंद्रगढ़ के विकासखंड खड़गवां के ग्राम मझौली में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी निराकरण किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा आमजन की समस्याएं गंभीरता से सुनी गईं तथा पात्र हितग्राहियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया। शिविर के दौरान ग्राम मझौली निवासी सविता को स्वास्थ्य सुविधा से जोड़ते हुए उनका आयुष्मान कार्ड तत्काल बनाकर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के हाथों प्रदान किया गया।
मौके पर ही आयुष्मान कार्ड प्राप्त होने पर सविता ने खुशी जाहिर करते हुए शासन एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। सविता ने “सुशासन तिहार 2026” को ग्रामीणों के लिए बेहद लाभकारी एवं सराहनीय पहल बताते हुए कहा कि शासन द्वारा गांव-गांव आयोजित किए जा रहे इन शिविरों से लोगों की समस्याओं का तेजी से समाधान हो रहा है। उन्होंने कहा कि पहले छोटे-छोटे कार्यों के लिए लोगों को कई बार कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे, लेकिन अब गांव में ही तत्काल समाधान मिल रहा है। उन्होंने इस जनहितकारी योजना के लिए माननीय मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं राज्य शासन को धन्यवाद देते हुए कहा कि इस पहल से ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है।
इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि शिविरों में प्राप्त आवेदनों एवं समस्याओं का संवेदनशीलता, गंभीरता और प्राथमिकता के साथ त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को अधिक से अधिक लाभ मिल सके। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे तथा विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर लाभान्वित हुए। जिला प्रशासन द्वारा शिविर के सफल संचालन हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं।


