DPR छत्तीसगढ समाचार

CG : “ज्ञान शिखररू कौन बनेगा विजेता” समर प्रतियोगिता 2026

छात्रों के लिए सुनहरा अवसर, जिले में सजेगा प्रतिभा का महाकुंभ

एमसीबी , ग्रीष्मावकाश के दौरान विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने के उद्देश्य से जिले में “ज्ञान शिखररू कौन बनेगा विजेता” शैक्षिक एवं कौशल आधारित समर प्रतियोगिता 2026 का आयोजन किया जा रहा है। कलेक्टर के निर्देशानुसार यह प्रतियोगिता विकासखंड एवं जिला स्तर पर आयोजित होगी, जिसमें शासकीय विद्यालयों के कक्षा 9वीं से 12वीं तक के छात्र-छात्राओं को भाग लेने का अवसर मिलेगा।
प्रतियोगिता का प्रथम चरण 27 अप्रैल 2026 को विकासखंड स्तर पर आयोजित किया जाएगा। प्रत्येक विद्यालय से अधिकतम 2 विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा। इसके बाद प्रत्येक विकासखंड से चयनित शीर्ष 8 प्रतिभागी जिला स्तर पर पहुंचेंगे। जिला स्तरीय ग्रैंड फिनाले 6 मई 2026 को प्रातः 8 बजे शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, मनेन्द्रगढ़ में आयोजित होगा, जिसमें कुल 24 प्रतिभागी भाग लेंगे।


प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में सामान्य ज्ञान, तार्किक क्षमता, निर्णय लेने की योग्यता और आत्मविश्वास का विकास करना है। इसमें भाग लेने के लिए कोई शुल्क नहीं रखा गया है, किन्तु प्रतिभागियों को विद्यालय का पहचान पत्र साथ रखना अनिवार्य होगा। आवेदन केवल विद्यालय के माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे।
विद्यालय स्तर पर चयन प्रक्रिया के तहत 20 बहुविकल्पीय प्रश्नों की लिखित परीक्षा (30 मिनट) आयोजित की जाएगी। प्रत्येक सही उत्तर पर 2 अंक तथा गलत उत्तर पर 0.5 अंक की कटौती होगी। शीर्ष 10 विद्यार्थियों को ‘हॉट सीट’ के लिए चुना जाएगा, जहां ‘फास्टेस्ट फिंगर फर्स्ट’ के माध्यम से अंतिम 2 प्रतिभागियों का चयन कर उन्हें ब्लॉक स्तर हेतु नामांकित किया जाएगा। ब्लॉक स्तर पर लगभग 50 से 60 प्रतिभागी शामिल होंगे। स्क्रीनिंग टेस्ट के बाद शीर्ष 25 छात्र ‘हॉट सीट’ तक पहुंचेंगे, जहां से सर्वश्रेष्ठ 8 प्रतिभागियों का चयन जिला स्तर के लिए किया जाएगा।
जिला स्तर पर प्रतियोगिता का आयोजन अत्याधुनिक डिजिटल स्क्रीन एवं बजर सिस्टम के साथ किया जाएगा। मुख्य अतिथि के रूप में कलेक्टर, अपर कलेक्टर एवं जिला शिक्षा अधिकारी उपस्थित रहेंगे। विजेता को ‘जिला ज्ञान रत्न’ की उपाधि, नकद पुरस्कार एवं ट्रॉफी प्रदान की जाएगी।

‘हॉट सीट’ में कुल 18 प्रश्न पूछे जाएंगे, जिन्हें सरल, मध्यम एवं कठिन तीन चरणों में विभाजित किया गया है। प्रतियोगिता में दो सुरक्षित पड़ाव (प्रश्न 5 एवं 13) भी निर्धारित किए गए हैं। प्रतिभागियों को चार लाइफलाइनकृ50रू50, ऑडियंस पोल, फ्लिप द क्वेश्चन एवं कॉल अ फ्रेंडकृका उपयोग करने का अवसर मिलेगा, जिसमें एक प्रश्न पर एक ही लाइफलाइन का उपयोग किया जा सकेगा।
प्रतियोगिता में विज्ञान, गणित, इतिहास, भूगोल, नागरिक शास्त्र, साहित्य, कला-संस्कृति, खेल, सिनेमा, आईटी, पर्यावरण एवं तार्किक क्षमता सहित लगभग 20 विषयों से प्रश्न पूछे जाएंगे। आचार संहिता के तहत मोबाइल या किसी भी बाहरी उपकरण का उपयोग पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। अनुशासनहीनता की स्थिति में प्रतिभागी को तत्काल अयोग्य घोषित किया जाएगा। किसी भी विवाद की स्थिति में निर्णायक मंडल का निर्णय अंतिम होगा।


ब्लॉक स्तर पर विजेताओं को प्रमाण पत्र एवं शैक्षिक किट प्रदान किए जाएंगे, जबकि जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले छात्र को नकद पुरस्कार एवं ट्रॉफी से सम्मानित किया जाएगा। सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण पत्र भी दिया जाएगा। प्रशासन द्वारा सभी संबंधित अधिकारियों को प्रतियोगिता का सफल आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। आयोजन के पश्चात 3 दिनों के भीतर पालन प्रतिवेदन एवं फोटोग्राफ्स प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। अधिक जानकारी के लिए जिला सांख्यिकी अन्वेषक पारसमणि (मो. 7024860616) से संपर्क किया जा सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button