CG : बिलासपुर में बिजली और पेयजल आपूर्ति बाधित, लोग परेशान …
बिलासपुर। तूफान के 48 घंटे बाद भी प्रशासन बिजली और पेयजल आपूर्ति पूरी तरह बहाल नहीं कर पाया है। बिजली व्यवस्था ठप होने के कारण सिरगिट्टी, घुरू, कुदुदंड, कोनी समेत शहर के आधे से अधिक इलाकों में पीने के पानी की सप्लाई बंद है। सीएसईबी के एसई पी श्रीनिवास राजू ने दावा किया है कि बिजली आपूर्ति सामान्य हो चुकी है। हालांकि, जब उनसे पानी की समस्या के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि इसके अन्य कारण हो सकते हैं। दूसरी ओर महापौर पूजा विधानी ने एसई के दावे का खंडन किया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बिजली आपूर्ति सामान्य नहीं है, जिसके कारण कई वार्डों में पीने के पानी का संकट गहरा गया है। बिजली न होने से मोटर पंप नहीं चल पा रहे हैं, जिससे पानी की सप्लाई प्रभावित हो रही है।
महापौर ने बताया कि नेहरू चौक स्थित उनके सरकारी आवास में भी दो दिन से अंधेरा है। सरकंडा में पेड़ों की कटाई न होने से बिजली और पानी की समस्या की शिकायत पार्षदों ने की है। वार्ड क्रमांक 5, खूबचंद बघेल नगर की पार्षद गायत्री लक्ष्मीनाथ साहू ने बताया कि कुंदरापारा और यादव नगर की आबादी 12 हजार से अधिक है। लोग पीने के पानी के लिए तरस रहे हैं। उन्होंने कहा कि बिजली विभाग के जेई से उनकी बात हुई है, लेकिन वे यह नहीं बता पा रहे हैं कि आपूर्ति कब तक सामान्य होगी।



