CG : कोहकामेटा सुशासन शिविर में उमड़ी ग्रामीणों की भीड़
326 आवेदन प्राप्त 134 का मौके पर हुआ समस्याओं का हुआ त्वरित निराकरण
रायपुर,

सुशासन तिहार के अंतर्गत नारायणपुर जिले के जनपद पंचायत ओरछा के ग्राम कोहकामेटा में आयोजित समाधान शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में शासन की सेवाओं को सरल एवं सुलभ बनाना था, ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें। शिविर में शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित समस्याओं, मांगों और शिकायतों के निराकरण के लिए कुल 326 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 134 आवेदनों का मौके पर ही त्वरित निराकरण कर दिया गया। शेष 192 आवेदन वर्तमान में प्रक्रियाधीन हैं।
हितग्राही मूलक योजनाओं के सर्वाधिक मामले निराकृत
शिविर में प्रशासनिक अधिकारियों और विभागीय कर्मचारियों ने मौके पर ही ग्रामीणों की समस्याओं को सुना। शिविर में सर्वाधिक 90 मामलों का स्वास्थ्य विभाग ने मौके पर निराकरण कर ग्रामीणों को राहत दी। आयुष्मान कार्ड के 8, आधार कार्ड से संबंधित 15, जाति प्रमाण पत्र के 2 तथा निवास प्रमाण पत्र के 3 आवेदनों का तत्काल निराकरण किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग से जुड़े 12 मामलों का समाधान किया गया। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग से संबंधित कुल 47 आवेदन प्राप्त हुए, जबकि मनरेगा जॉब कार्ड से जुड़े 20 आवेदन दर्ज किए गए। इसी तरह बैंक खाते से संबंधित 2 मामलों का निपटारा किया गया, जबकि अन्य विभागों से संबंधित 84 आवेदन भी शिविर में प्राप्त हुए।
ग्रामीणों ने इस पहल पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से (शिविर में) उन्हें एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सुविधाएं और जानकारियां मिल रही हैं, जिससे उनके समय और संसाधनों की बड़ी बचत हो रही है। कलेक्टर के निर्देशानुसार शिविर में उपस्थित अधिकारियों ने ग्रामीणों को शासन की विभिन्न जनहितैषी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही, पात्र हितग्राहियों की पहचान कर उन्हें योजनाओं का लाभ लेने के लिए चिन्हांकित भी किया गया। इस सुशासन शिविर में स्थानीय जनप्रतिनिधियों सहित प्रशासन के आला अधिकारी मौजूद रहे।
