CG : बागेश्वर बाबा से भूपेश बघेल ने की मांग, पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दाम भी कम कराकर दिखाएं …
बिलासपुर। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल बुधवार को बिलासपुर पहुंचे। जहां उन्होंने भाजपा, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS), प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, जगद्गुरु रामभद्राचार्य और कथावाचक पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री पर तीखा हमला बोला। विश्रामपुर में चल रहे धरना-प्रदर्शन में शामिल होने के बाद बिलासपुर पहुंचे बघेल ने पत्रकारों से चर्चा के दौरान कई राजनीतिक टिप्पणियां कीं। पूर्व मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि भाजपा के मंत्रिमंडल में ऐसे कई मंत्री हैं जिन पर गौमांस खाने के आरोप लग चुके हैं। उन्होंने केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू का नाम लेते हुए सवाल किया कि क्या जगद्गुरु रामभद्राचार्य ऐसे लोगों को उचित मानते हैं। उन्होंने कहा कि धर्म और संस्कृति की बात करने वालों को पहले अपने राजनीतिक सहयोगियों के आचरण पर भी सवाल उठाना चाहिए। आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत पर निशाना साधते हुए बघेल ने कहा कि उन्होंने आज तक किसी मंच से संस्कृत का एक भी श्लोक नहीं बोला है, फिर वे धर्म के सबसे बड़े ठेकेदार कैसे बन गए। जगद्गुरु रामभद्राचार्य और पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को लेकर भी भूपेश बघेल ने कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि यदि पंडित धीरेंद्र शास्त्री पर्ची देखकर लोगों की समस्याएं बता सकते हैं तो अपने गुरु के निर्देश पर पेट्रोल और डीजल के बढ़ते दाम भी कम कराकर दिखाएं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश नीति पर टिप्पणी करते हुए बघेल ने कहा कि रामभद्राचार्य अपनी दिव्य दृष्टि से यह भी बताएं कि प्रधानमंत्री मोदी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सामने समझौता कर झुक क्यों जाते हैं। उन्होंने तंज कसते हुए इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी और प्रधानमंत्री मोदी को लेकर प्रचलित ‘मेलोडी’ टिप्पणी पर कहा कि मेलोनी का मेलो और मोदी का डी मिलकर मेलोडी बन गया है, मेलोडी खाओ और खुद जान जाओ।
