रायपुर। नशे के कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण और कार्रवाई को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नरेट रायपुर ने एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) का पुनर्गठन किया है। पुलिस कमिश्नर कार्यालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार विभिन्न थाना क्षेत्रों, यातायात शाखा और एसीसीयू से अधिकारियों एवं कर्मचारियों को एएनटीएफ में पदस्थ किया गया है। यह आदेश 29 मई 2026 को जारी किया गया। गौरतलब है कि कार्यालयीन आदेश
क्रमांक पुलिस कमिश्नर/राय/स्टेनो/19-ए/2026 दिनांक 16 फरवरी 2026 के माध्यम से एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स का गठन किया गया था। अब संगठनात्मक आवश्यकताओं और कार्यक्षमता को ध्यान में रखते हुए इसमें संशोधन करते हुए नए अधिकारियों और कर्मचारियों की पदस्थापना की गई है। जारी आदेश के अनुसार निरीक्षक सुनील दास, उप निरीक्षक अतुलेश राय, प्रधान आरक्षक जयदेव सोम और जसवंत सोनी को एएनटीएफ में यथावत रखा गया है। वहीं आरक्षक प्रदीप यादव को थाना खमतराई से, प्रदीप साहू को यातायात शाखा से, महेन्द्र वर्मा को थाना सिविल लाइन से, अंकुश नंदा को थाना राजेंद्र नगर से, सुमीत राणा को थाना तेलीबांधा से तथा महेन्द्र पाल साहू को थाना खम्हारडीह से एएनटीएफ में पदस्थ किया गया है। इसके अलावा एसीसीयू में पदस्थ आरक्षक राजकुमार देवांगन को भी एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि इस पुनर्गठन से मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध कारोबार और नशे से जुड़े अपराधों के खिलाफ अभियान को और अधिक मजबूती मिलेगी।
पुलिस कमिश्नरेट रायपुर द्वारा जारी आदेश की प्रतिलिपि पुलिस मुख्यालय नवा रायपुर, अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर, डिप्टी पुलिस कमिश्नर, सभी पुलिस उपायुक्तों, सहायक पुलिस आयुक्तों तथा संबंधित थाना प्रभारियों को आवश्यक कार्यवाही और जानकारी के लिए भेजी गई है। संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। रायपुर पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की भूमिका लगातार महत्वपूर्ण होती जा रही है। हाल के महीनों में मादक पदार्थों की तस्करी के कई मामलों का खुलासा हुआ है, जिसके बाद विशेष टीम को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में यह कदम उठाया गया है। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाना और शहर में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना है।
