छत्तीसगढ़राजनांदगांव जिला

राजनांदगांव : प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना से प्रवीण का घर हो रहा रोशन …

राजनांदगांव । जिले में प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। राजनांदगांव शहर के बजरंगपुर नवागांव, वार्ड क्रमांक 1 निवासी प्रवीण कुमार मिश्रा इस योजना का लाभ लेकर न केवल अपने घर का बिजली खर्च शून्य करने में सफल हुए हैं, बल्कि अन्य लोगों के लिए भी प्रेरणा बनकर उभरे हैं। श्री मिश्रा ने बताया कि उनके परिवार में तीन सदस्य हैं। पहले उनके घर का मासिक बिजली बिल लगभग 900 से 1000 रूपए तक आता था, जो गर्मी के मौसम में और अधिक हो जाता था। उन्होंने 17 जनवरी 2026 को अपने घर की छत पर 3 किलोवाट क्षमता का सोलर रूफटॉप सिस्टम स्थापित कराया। इसके बाद से पिछले तीन महीनों से उनका बिजली बिल पूरी तरह शून्य हो गया है। उन्होंने बताया कि इस योजना के अंतर्गत उन्हें केंद्र एवं राज्य शासन से कुल 1 लाख 8 हजार रूपए की सब्सिडी प्राप्त हुई, जबकि शेष 81 हजार रूपए उन्होंने स्वयं निवेश किए। इसके लिए उन्होंने बैंक से ऋण लिया है, जिसे वे आगामी 3 वर्षों में चुका देंगे।

हितग्राही  मिश्रा के अनुसार उनका सोलर सिस्टम प्रतिदिन लगभग 18 से 19 यूनिट बिजली का उत्पादन कर रहा है, जबकि उनके घर की खपत करीब 10 यूनिट है। इस प्रकार प्रतिदिन 8 से 9 यूनिट अतिरिक्त बिजली ग्रिड में जा रही है, जिससे भविष्य में अतिरिक्त आय भी प्राप्त होगी। उन्होंने बताया कि योजना की जानकारी मिलते ही उन्होंने शीघ्र आवेदन किया। आवेदन प्रक्रिया सरल और पारदर्शी रही, जिसमें उन्हें केवल एक बार बैंक जाकर दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करना पड़ा। शेष प्रक्रिया सहज रूप से पूर्ण हो गई। मिश्रा इस योजना से इतने संतुष्ट हैं कि उन्होंने अपने तीन रिश्तेदारों को भी सोलर सिस्टम लगाने के लिए प्रेरित किया, जिनके घरों में भी अब सोलर पैनल स्थापित हो रहे हैं। उनका कहना है कि सौर ऊर्जा एक स्वच्छ, सस्ती और टिकाऊ विकल्प है, जिससे न केवल आर्थिक बचत होती है बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान मिलता है।  प्रवीण कुमार मिश्रा ने प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना को अत्यंत लाभकारी एवं जनहितकारी बताते हुए इसके लिए प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button