मध्य प्रदेश

हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्ष: भोपाल के भारत भवन में आज से तीन दिवसीय राष्ट्रीय विमर्श ‘प्रणाम उदंत मार्तण्ड’ शुरू

By kadwaghut|08 May 2026, 11:29 AM
f X W

भोपाल।
हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर राजधानी भोपाल के भारत भवन में शुक्रवार से तीन दिवसीय राष्ट्रीय विमर्श ‘प्रणाम उदंत मार्तण्ड’ का शुभारंभ होगा। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय और वीर भारत न्यास की संयुक्त पहल पर आयोजित इस राष्ट्रीय आयोजन में देशभर से 60 से अधिक संपादक, वरिष्ठ पत्रकार, लेखक और मीडिया विशेषज्ञ शामिल होंगे।

Advertisement
Advertisement

तीन दिनों तक चलने वाले इस कार्यक्रम में पत्रकारिता, भारतीय चिंतन, संस्कृति और मीडिया के बदलते स्वरूप पर महत्वपूर्ण विमर्श होगा। कार्यक्रम में राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश, आचार्य मिथिलेशनंदिनीशरण और फिल्मकार डॉ. चंद्रप्रकाश द्विवेदी सहित कई प्रमुख वक्ता अपने विचार रखेंगे।

आज होगा उद्घाटन

कार्यक्रम का उद्घाटन 8 मई को सुबह 10:30 बजे आचार्य मिथिलेशनंदिनीशरण द्वारा किया जाएगा। उद्घाटन सत्र में पूर्व सूचना आयुक्त उदय माहूरकर, डॉ. सी. जयशंकर बाबु, कुलगुरु विजय मनोहर तिवारी और वीर भारत न्यास के न्यासी सचिव श्रीराम तिवारी भी संबोधित करेंगे।

विभिन्न सत्रों में विष्णुप्रकाश त्रिपाठी, नगमा सहर, सईद अंसारी, उदय सिन्हा, अमिताभ अग्निहोत्री, जयंती रंगनाथन, प्रफुल्ल केतकर, प्रत्यूष रंजन, हितेश शंकर और राशिद किदवई सहित कई वरिष्ठ पत्रकार एवं विशेषज्ञ शामिल होंगे।

लाइव कार्टून शो और सांस्कृतिक कार्यक्रम रहेंगे आकर्षण

समारोह में देश के आठ वरिष्ठ कार्टूनिस्ट लाइव कार्टून शो प्रस्तुत करेंगे। इसके साथ ही प्रतिदिन शाम 7 बजे सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जाएगा, जिसमें हास्य प्रस्तुतियां, वंदेमातरम् और विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र रहेंगे।

पत्रकारिता की 200 साल की यात्रा पर प्रदर्शनी

आयोजन में हिंदी पत्रकारिता के दो सौ वर्षों की यात्रा पर आधारित समाचार पत्रों की विशेष प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। इसके अलावा विद्यार्थियों की पुस्तकों ‘माखन के लाल’, ‘कार्टून कथा’ और ‘खजुराहो’ का लोकार्पण किया जाएगा। विश्वविद्यालय के प्रायोगिक अखबारों के विशेषांक और विद्यार्थियों द्वारा बनाई गई तीन डॉक्यूमेंट्री भी रिलीज की जाएंगी।

READ ALSO  मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मध्यप्रदेश मानवाधिकार आयोग के 32वें स्थापना दिवस समारोह का किया शुभारंभ

कार्यक्रम को हिंदी पत्रकारिता की ऐतिहासिक यात्रा, वर्तमान चुनौतियों और भविष्य की दिशा पर सार्थक संवाद का महत्वपूर्ण मंच माना जा रहा है।

अगली खबर लोड हो रही है...

Related Articles

Back to top button
Play GK Quiz and Win Coins