राजनांदगांव में गंदे पानी पर बवाल, फिल्टर प्लांट में एलम की कमी को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, आयुक्त को सौंपा ज्ञापन

राजनांदगांव। शहर में गंदे पानी की लगातार मिल रही शिकायतों को लेकर नगर निगम में विरोध प्रदर्शन किया गया। नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष, कांग्रेसी पार्षदों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर निगम कार्यालय पहुंचकर निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपा और मोहारा फिल्टर प्लांट में एलम (फिटकरी) की कमी को तत्काल दूर करने की मांग की।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि मोहारा फिल्टर प्लांट से पूरे राजनांदगांव शहर को शुद्ध पेयजल की आपूर्ति की जाती है। शिवनाथ नदी से लाए गए पानी को फिल्टर प्लांट में एलम की मदद से साफ कर शहर के विभिन्न इलाकों में सप्लाई किया जाता है। लेकिन पिछले कुछ दिनों से प्लांट में एलम की कमी के कारण पानी का समुचित शोधन नहीं हो पा रहा है, जिससे कई वार्डों में गंदा और मटमैला पानी पहुंचने की शिकायतें सामने आ रही हैं।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि शुद्ध पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा में लापरवाही के कारण आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और इससे स्वास्थ्य संबंधी खतरे भी बढ़ सकते हैं। उन्होंने निगम प्रशासन से तत्काल पर्याप्त मात्रा में एलम की व्यवस्था कर नियमित रूप से स्वच्छ पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की।
निगम आयुक्त को सौंपे गए ज्ञापन में चेतावनी दी गई कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो कांग्रेस जन आंदोलन तेज करेंगे।




