राजनांदगांव : छुरिया-बंजारी मार्ग पर साइड शोल्डर निर्माण का रास्ता साफ…

छुरिया , छुरिया-बंजारी मार्ग पर ग्राम चारभांठा के पास सड़क किनारे साइड शोल्डर नहीं होने से उत्पन्न हो रही दुर्घटनाओं की आशंका को लेकर ग्रामीणों द्वारा की गई मांग पर तत्काल स्वीकृति मिलने से क्षेत्रवासियों में राहत की उम्मीद जगी है। ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग राजनांदगांव के कार्यपालन अभियंता को ज्ञापन सौंपकर सड़क के दोनों ओर मुरुम डालकर साइड शोल्डर निर्माण कराने की मांग की थी।
इस मांग पर त्वरित पहल होने से सड़क की सुरक्षा व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद है। ग्रामीणों ने बताया कि छुरिया-बंजारी मार्ग पर चारभांठा के पास लगभग दो किलोमीटर सड़क का दो बार डामरीकरण किया जा चुका है, लेकिन सड़क के दोनों ओर पर्याप्त मिट्टी का भराव नहीं होने से किनारों पर गहरी जगह बन गई है। इससे दोपहिया वाहन चालकों, साइकिल सवारों को परेशानी होती है।
विद्यार्थियों की सुरक्षा का था प्रमुख मुद्दा इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीणों के साथ स्कूली छात्र-छात्राएं भी आवागमन करते हैं। प्राथमिक विद्यालय से लेकर उच्च शिक्षा तक के विद्यार्थी पैदल और साइकिल से इसी मार्ग का उपयोग करते हैं। सड़क किनारे साइड शोल्डर नहीं होने के कारण वाहन चालकों के संतुलन बिगड़ने और दुर्घटना होने की आशंका बनी रहती है।
ग्रामीणों ने इसी गंभीर समस्या को विभाग के समक्ष रखते हुए सड़क के दोनों ओर मुरुम डालकर साइड शोल्डर तैयार कराने की मांग की थी। मांग पर तत्काल स्वीकृति मिलने से ग्रामीणों को उम्मीद है कि जल्द ही समस्या का निराकरण होगा और आवागमन पहले से अधिक सुरक्षित बन सकेगा।



