छत्तीसगढ़

CG : नेशनल लोक अदालत 12 को, अधिक प्रकरणों के निराकरण पर दिया जोर …

By kadwaghut|11 Sep 2026, 12:04 PM
f X W

खैरागढ़ l व्यवहार न्यायालय खैरागढ़ में 12 सितंबर को आयोजित होने वाली नेशनल लोक अदालत के लिए बैंक, नगर पालिका, बीएसएनएल व बिजली कंपनी के अधिकारियों-कर्मचारियों और प्रतिनिधियों की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता तालुक विधिक सेवा समिति खैरागढ़ की अध्यक्ष मोहनी कंवर ने की। इस दौरान अधिक से अधिक प्रकरणों का आपसी सहमति एवं राजीनामे के माध्यम से निराकरण सुनिश्चित करने को लेकर विभागवार चर्चा की गई।

बैठक में सीजेएम निधि शर्मा, जेएमएफसी आकांक्षा खलखो सहित संबंधित विभागों के प्रतिनिधि मौजूद थे। बैठक में बैंक, नगर पालिका, बीएसएनएल व बिजली कंपनी के प्रतिनिधियों ने लोक अदालत में अधिक से अधिक मामलों के निराकरण के लिए आवश्यक प्रयास करने पर जोर दिया। अधिकारियों ने बताया कि प्री-लिटिगेशन, लंबित प्रकरणों को लोक अदालत में निराकरण के लिए प्रस्तुत किया गया है। नेशनल लोक अदालत में संपत्ति, धन वसूली संबंधी विवाद, बैंक व वित्तीय संस्थाओं के मामले, राजीनामा योग्य दांडिक प्रकरण, मोटर दुर्घटना दावा प्रकरण, परिवार न्यायालय के वैवाहिक व अन्य मामले, विद्युत अधिनियम से संबंधित समझौता योग्य प्रकरण तथा अन्य राजस्व मामलों का आपसी सहमति से निराकरण किया जाएगा।

समय और धन की बचत होती है: लोक अदालत के माध्यम से मामलों का निपटारा होने पर पक्षकारों को शीघ्र एवं सरल न्याय मिलने के साथ समय और धन की बचत होती है। आपसी राजीनामे से निपटे मामलों में सामान्यतः आगे अपील की आवश्यकता नहीं रहती। दीवानी मामलों में नियमानुसार कोर्ट फीस की वापसी का लाभ भी मिलता है। बैठक में पैरालीगल वालंटियर गोलूदास साहू, कला प्रजापति, छबीराज सहित संबंधित विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित थे। अधिकारियों ने आम नागरिकों से लोक अदालत का लाभ उठाकर आपसी सहमति से लंबित विवादों का समाधान कराने की अपील की।

READ ALSO  छत्तीसगढ़ में महिला क्रिकेट का बड़ा आयोजन, रायपुर में भारत-जिम्बाब्वे सीरीज का आगाज 16 अक्टूबर से
अगली खबर लोड हो रही है...

Related Articles

Back to top button