छत्तीसगढ़रायपुर जिला

CG : छत्तीसगढ़ में अगले 5 दिन बारिश के आसार, उत्तर-मध्य जिलों में बरसेंगे बादल…

By kadwaghut|24 Jul 2026, 1:49 PM
f X W

रायपुर । छत्तीसगढ़ में मानसून सक्रिय बना हुआ है और प्रदेशभर में बारिश का सिलसिला जारी है। पिछले 24 घंटों के दौरान अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, अगले पांच दिनों तक प्रदेश में बदली और बारिश का दौर जारी रहेगा। हालांकि, अगले दो दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा, इसके बाद तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि हो सकती है।

मौसम विभाग ने बताया कि आने वाले दिनों में उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ में कई स्थानों पर मध्यम बारिश की संभावना है, जबकि दक्षिण छत्तीसगढ़ में हल्की से मध्यम वर्षा होने के आसार हैं। प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में रिकॉर्ड किया गया।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, मानसून द्रोणिका जैसलमेर, कोटा, गुना, दमोह, डालटेनगंज और कोण्टई से होते हुए उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है। इसके अलावा, उत्तर छत्तीसगढ़ से गुजर रहा पूर्व-पश्चिम हवा का शियर जोन 4.5 से 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक सक्रिय है, जिससे प्रदेश में बारिश की अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं।

रायपुर का मौसम

राजधानी रायपुर में शुक्रवार सुबह तेज धूप निकलने के बाद उमस महसूस की गई। हालांकि दिन चढ़ने के साथ मौसम बदलने और बादल छाने की संभावना है। मौसम विभाग ने रायपुर में आज हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान जताया है। शहर का अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को बदलते मौसम के बीच सतर्क रहने और आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी है।

READ ALSO  राजनांदगांव : बैलेट पेपर से चुनाव की मांग करने वाली कांग्रेस त्रिपुरा में बैलेट में ही खाई मात- अग्रहरि
अगली खबर लोड हो रही है...

Related Articles

Back to top button