नक्सलवाद व हिंसा का डटकर मुकाबला करने का संकल्प, मुदलियार व भिंडसरा के परिजन सम्मानित
![](https://www.kadwaghut.com/wp-content/uploads/2020/11/logo-kadwaghut-e1625821021219.jpg)
झीरम घाटी में 25 मई 2013 को नक्सलियों ने कांग्रेस की परिवर्तन यात्रा में शामिल कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व में काफिले पर हमला किया था। इस हमले में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सहित कई दिग्गज नेता शहीद हो गए। प्रदेश के नक्सल मामलों में यह एक बड़ी घटना थी। इस नक्सल हमले में राजनांदगांव के पूर्व विधायक स्व. उदय मुदलियार सहित इनके समर्थक कांग्रेस नेता अलानूर भिंडसरा भी शहीद हो गए थे। इस घटनाक्रम को 9 साल हो गए हैं।
बुधवार को इस कांड की बरसी पर शहीद हुए कांग्रेस नेताओं को याद किया गया। झीरम श्रद्धांजलि दिवस मनाया गया। शहर में जगह-जगह श्रद्धांजलि सभा का आयोजन कर शहीद हुए कांग्रेस नेताओं को नमन किया गया। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से शहीदों को श्रद्धांजलि देने के साथ ही नक्सलवाद और हिंसा का डटकर मुकाबला करने का संकल्प लिया गया। नगर निगम के टाउन हाल में महापौर हेमा सुदेश देशमुख ने निगम पदाधिकारियों एवं अधिकारियों कर्मचारियों को राज्य को पुनः शांति का टापू बनाने संकल्प दिलाई। श्रद्धांजलि सभा के बाद महापौर एवं निगम पदाधिकारियों ने पोस्ट आफिस चौक स्थित शहीद उदय मुदलियार एवं अलानूर भिंडसरा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित किए।