राष्ट्रपति जेलेन्सकी ने जनता से कहा जो लड़ेगा उसे देंगे हथियार, 1 लाख यूक्रेन नागरिक पहुंचे पोलैंड सीमा पार
![](https://www.kadwaghut.com/wp-content/uploads/2022/02/26_02_2022-zelensky_2022226_164850-780x470.jpg)
यूक्रेन पर हुए रूसी हमले के बाद अब विश्व भर से राष्ट्रों एवं राष्ट्राध्यक्षों के बयान सामने आ रहे हैं। इस क्रम में आज फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने एक कार्यक्रम में कहा कि, यह युद्ध अभी आगे चलेगा, यह संकट रहेगा और इसके साथ आने वाले सभी संकटों के स्थायी परिणाम होंगे। यूक्रेन के राष्ट्रपति ने फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रान के साथ फोन पर बात की जिसके बाद उन्होंने यूक्रेन का साथ देने का भरोसा दिया है। राष्ट्रपति जेलेन्सकी ने ट्वीट कर कहा कि, फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन के साथ बात हुई है, हमारे सहयोगियों से हथियार और उपकरण यूक्रेन के रास्ते में हैं। युद्ध विरोधी गठबंधन अब काम कर रहा है। यूक्रेन पर रूसी सेना युद्ध के तीसरे दिन एक बार फिर अपना आक्रमण तेज किए हुए है। यूक्रेन में हो रही बमबारी के बीच वहां के लोग काफी डर गए हैं। रिपोर्ट की मानें तो 1,00,000 यूक्रेनियन पोलैंड में सीमा पार कर चुके हैं।
जेलेंस्की ने लोगों से की लड़ने की अपील
यूक्रेन के राष्ट्रपति व्लादिमीर जेलेंस्की ने कहा कि वे कीव और शहर के प्रमुख बिंदुओं को नियंत्रित कर रहे हैं। उन्होंने एक बार फिर लोगों से अपील करते हुए कहा कि जो लोग भी इस लड़ाई में मदद करना चाहते हैं, वे उन्हें हथियार उपलब्ध कराएंगे।
मेलिटोपोल शहर पर कब्जा करने का दावा
रूसी सैनिकों ने यूक्रेन के मेलिटोपोल शहर पर कब्जा करने का दावा किया है। रूसी रक्षा मंत्रालय ने इस बात का दावा किया है कि उसने अब शहर पर पूरी तरह कब्जा कर लिया है। कीव पर भी अपना कब्जा करने के लिए रूस लगातार हमले कर रहा है। वहीं रूसी सेना द्वारा मेलिटोपोल पर कब्जा करने के दावे को ब्रिटिश सशस्त्र बलों के मंत्री जेम्स हेप्पी ने नकार दिया है। हेप्पी ने कहा कि अभी कोई कब्जा नहीं किया गया है और राजधानी कीव में आगे बढ़ने वाले बख्तरबंद गाड़ियों को यूक्रेनी सेना द्वारा रोक दिया गया है।