जिले की मतदाता सूची में महिलाओं की भागीदारी पुरुषों से आगे निकल गई है। 12 नवंबर को प्रकाशित प्रारंभिक मतदाता सूची के अनुसार जिले में पुरुषों की तुलना में 481 महिला मतदाता अधिक हैं। जिले में कुल 6 लाख 82 हजार 163 मतदाताओं में 3 लाख 41 हजार 319 महिलाएं और 3 लाख 40 हजार 838 पुरुष हैं। खास बात यह है कि राजनांदगांव विधानसभा क्षेत्र में महिलाओं की संख्या पुरुषों से 3409 अधिक है। चारों विधानसभा क्षेत्रों को मिलाकर मतदाताओं की कुल संख्या भी 8 लाख के पार पहुंच गई है।
1 जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम शुरू किया गया है। इसके तहत 12 नवंबर को प्रारंभिक मतदाता सूची का प्रकाशन किया गया। चार विधानसभा क्षेत्रों की संयुक्त मतदाता संख्या 8 लाख 1 हजार 468 है। इसमें 4 लाख 800 पुरुष, 4 लाख 661 महिलाएं और 7 अन्य मतदाता शामिल हैं। 21 फरवरी 2026 को प्रकाशित अंतिम सूची में यह संख्या 7 लाख 92 हजार 485 थी। इस तरह दोनों सूचियों के बीच मतदाताओं की संख्या में 8,983 का इजाफा हुआ है।
11 दिसंबर तक कर सकेंगे दावा-आपत्ति: प्रारंभिक मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक दावा-आपत्तियां ली जाएंगी। इनका निराकरण 28 दिसंबर तक किया जाएगा।
राजनांदगांव में महिलाओं की सबसे ज्यादा बढ़त विधानसभा क्षेत्रवार आंकड़ों में राजनांदगांव विधानसभा में महिला मतदाताओं की संख्या सबसे ज्यादा पुरुषों से आगे है। यहां 1 लाख 3 हजार 605 महिला और 1 लाख 196 पुरुष मतदाता हैं। यानी महिलाओं की संख्या 3409 अधिक है। वहीं डोंगरगढ़ विधानसभा क्षेत्र में 1 लाख 4 हजार 952 पुरुष और 1 लाख 2 हजार 515 महिला मतदाता हैं। डोंगरगांव में भी पुरुष मतदाताओं की संख्या महिलाओं से 1717 अधिक है। खुज्जी विधानसभा क्षेत्र में पुरुष और महिला मतदाताओं की संख्या लगभग बराबर है। यहां 94 हजार 217 पुरुष और 94 हजार 823 महिला मतदाता हैं।
