राजनांदगांव : मुक्तिबोध की पत्रकारिता ने समाज को दिखाई नई राह, वर्मा ने रखे विचार...
राजनांदगांव/डोंगरगांव , शासकीय दिग्विजय स्वशासी स्नातकोत्तर महाविद्यालय राजनांदगांव में शुक्रवार को मुक्तिबोध जयंती पर बख्शी सभागार में दोपहर 12 बजे से एक विशेष व्याख्यान कार्यक्रम हुआ। इसका मुख्य विषय मुक्तिबोध की पत्रकारिता रहा। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता प्रोफेसर थानसिंह वर्मा ने व्याख्यान में मुक्तिबोध के पत्रकारिता योगदान पर कहा कि उन्होंने देश और दुनिया की पत्रकारिता के क्षेत्र में क्रांतिकारी कार्य किए।
मुक्तिबोध ने अपनी पत्रकारिता के माध्यम से सामाजिक, सांस्कृतिक एवं साहित्यिक चेतना को मुखर अभिव्यक्ति दी, जिनके विचारों और लेखन ने पूरे समाज को एक नई दृष्टि प्रदान की। प्रो. वर्मा ने इस बात पर जोर दिया कि एक सुयोग्य और पूर्ण व्यक्तित्व का निर्माण केवल औपचारिक शिक्षा से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए साहित्य और संस्कृति का समन्वय अनिवार्य है। विभागाध्यक्ष डॉ. बीएन जागृत, डॉ. नीलम तिवारी, डॉ. प्रवीण साहू, डॉ. वीरेंद्र साहू डॉ. अमितेश सोनकर, डॉ. रेशमी साहू, कौशिक बीसी, विभा सिंह उपस्थित थीं।
