CG : सीएम साय ने जशपुर में नवनिर्मित पंडित रामचंद्र पौराणिक सामुदायिक भवन का किया लोकार्पण…
नए सामुदायिक भवन के निर्माण के लिए 30 लाख रुपए देने की घोषणा
रायपुर । मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बुधवार को जशपुर में 1 करोड़ 35 लाख 85 हजार रुपए की लागत से नवनिर्मित पंडित रामचंद्र पौराणिक सामुदायिक भवन का लोकार्पण किया। शहर के मध्य में निर्मित यह सर्वसुविधायुक्त भवन सामाजिक, सांस्कृतिक एवं पारिवारिक आयोजनों के लिए एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में उपयोगी साबित होगा। मुख्यमंत्री साय ने उत्तर जशपुर क्षेत्र में नए सामुदायिक भवन के निर्माण के लिए 30 लाख रुपए देने की घोषणा भी की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जशपुर शहर के बीचों-बीच इस भवन के निर्माण से विशेष रूप से मध्यमवर्गीय एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बड़ी सुविधा मिलेगी। अब विवाह, जन्मदिन, वर्षगांठ सहित विभिन्न पारिवारिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए लोगों को महंगे निजी स्थलों और टेंट आदि पर अतिरिक्त खर्च नहीं करना पड़ेगा। इससे परिवारों पर आर्थिक बोझ कम होगा और उन्हें सुविधाजनक स्थान उपलब्ध हो सकेगा।




