राजनांदगांव : जस गीत सहित माता के जयकारों से गूंजा तुमड़ीबोड़, मां दुर्गा को दी विदाई…

राजनांदगांव , क्वांर नवरात्रि के समापन पर मंगलवार को तुमड़ीबोड़ में मां दुर्गा की विसर्जन यात्रा धूमधाम से निकाली गई। माता के जयकारों, देवी गीतों और जसगीतों से पूरा गांव भक्तिमय हो गया। विसर्जन यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। जगह-जगह श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी और पूरा क्षेत्र ‘जय माता दी’ के जयघोष से गूंज उठा।
20 अक्टूबर को दोपहर में दुर्गा मंच पंडाल से विसर्जन यात्रा प्रारंभ हुई। बाजे-गाजे और माता के भक्ति गीतों के बीच गांव की विभिन्न मंडलियों ने इसमें भाग लिया। यात्रा गांव के प्रमुख मार्गों से होते हुए रामनगर और गौठान पहुंची। इसके बाद सर्विस रोड से गुजरते हुए शीतला मंदिर के पास पहुंची, जहां श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी।
यहां से यात्रा आगे बढ़ते हुए समीप स्थित तालाब के किनारे पहुंची। तालाब के पास पंडित द्वारा विधि-विधान से मां दुर्गा की पूजा-अर्चना और आरती की गई। सार्वजनिक दुर्गोत्सव समिति के सदस्यों और ग्रामीणों ने माता के जयकारे लगाते हुए उन्हें अंतिम विदाई दी। नवरात्रि के नौ दिनों तक पूजा-अर्चना और भक्ति में लीन रहे श्रद्धालु विसर्जन के दौरान भावुक नजर आए। पूरे आयोजन में ग्रामीणों की उत्साहपूर्ण भागीदारी रही। भक्तिमय माहौल के बीच मां दुर्गा की विदाई के साथ क्वांर नवरात्रि दुर्गोत्सव का समापन हुआ।


