छत्तीसगढ़जशपुर जिला

CG : शादीशुदा महिला से प्यार, युवक की हुई हत्या …

By kadwaghut|29 May 2026, 3:57 PM
f X W

जशपुर। जिले के पत्थलगांव थाना क्षेत्र के ग्राम जामजुनवानी में प्रेम प्रसंग को लेकर एक युवक की पत्थर से सिर कुचलकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने मामले में एक नाबालिग सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि मृतक का गांव की एक विवाहित महिला के साथ लंबे समय से प्रेम संबंध था, जिसे लेकर लगातार विवाद चल रहा था।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक मृतक सुशील खलखो, उम्र 34 वर्ष, ग्राम जामजुनवानी खारपारा का रहने वाला था। उसका गांव की एक विवाहित महिला के साथ पिछले करीब तीन वर्षों से प्रेम संबंध था। महिला का पति इस रिश्ते का लगातार विरोध कर रहा था। बताया जा रहा है कि महिला कई बार अपने पति का घर छोड़कर मृतक के साथ रहने चली गई थी, जिसके कारण दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से तनाव की स्थिति बनी हुई थी। जानकारी के अनुसार इस विवाद को लेकर पहले भी गांव में सामाजिक बैठक आयोजित की गई थी, जहां दोनों पक्षों को समझाने की कोशिश की गई, लेकिन मामला शांत नहीं हुआ। वहीं पूर्व में आरोपी जयलाल एक्का की पत्नी सरिता एक्का ने मृतक सुशील खलखो के खिलाफ दुष्कर्म का मामला भी दर्ज कराया था, जिसमें उसे जेल भेजा गया था।

बताया जा रहा है कि जेल से छूटने के बाद बीती रात करीब 11 बजे सुशील खलखो अपने घर के आंगन में मौजूद था। इसी दौरान आरोपी जयलाल एक्का, जसमन एक्का और एक नाबालिग वहां पहुंचे और उस पर हमला कर दिया। आरोप है कि पहले युवक को पकड़कर बेरहमी से मारपीट की गई, इसके बाद उसके सिर पर भारी पत्थर पटक दिया गया। गंभीर चोट लगने से युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद शव घर के आंगन में खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला। घटना की सूचना मिलते ही पत्थलगांव पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर अहम साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। पूछताछ, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और ग्रामीणों के बयानों के आधार पर हत्या की गुत्थी सुलझाई गई।

READ ALSO  आईईडी विस्फोटों की विरह वेदना से बाहर आएगा बस्तर, पीड़ितों को मिलेंगे कृत्रिम हाथ-पैर - उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा

प्रारंभिक जांच में प्रेम प्रसंग को हत्या की मुख्य वजह माना जा रहा है। पुलिस ने मामले में जयलाल एक्का, उम्र 34 वर्ष, जसमन एक्का, उम्र 38 वर्ष और एक नाबालिग को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में घटना से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्य सामने आने के बाद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) और 3(5) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है।

अगली खबर लोड हो रही है...

Related Articles

Back to top button
Play GK Quiz and Win Coins