छत्तीसगढ़बिलासपुर जिला

CG : बस एजेंटों से मारपीट, रंगदारी मांगने का आरोप …

By kadwaghut|07 Oct 2026, 4:44 PM
f X W

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में बस एजेंट का काम करने वाले दो युवकों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक हिस्ट्रीशीटर ने सवारी बैठाने के एवज में रंगदारी मांगी और इनकार करने पर अपने साथियों के साथ मिलकर दोनों युवकों की पिटाई कर दी। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें बस को रोककर यात्रियों के सामने एक एजेंट के साथ मारपीट होती दिखाई दे रही है। मामला सरकंडा थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार शरद कश्यप और सैफी गौरी बस एजेंट का काम करते हैं। दोनों 6 अक्टूबर की रात सीपत चौक के पास एक बस में यात्रियों को बैठाने के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान तिफरा निवासी तारण निर्मलकर अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचा। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि आरोपी ने पहले गाली-गलौज की और इसके बाद दोनों के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि विवाद की वजह सवारी बैठाने को लेकर रंगदारी की मांग थी। पीड़ित युवकों का कहना है कि आरोपी ने बिना पैसे दिए काम करने पर आपत्ति जताई और दोबारा ऐसा करने पर मारपीट की धमकी भी दी। इस दौरान बस में मौजूद यात्रियों के सामने ही हंगामा और मारपीट हुई।

पूरे घटनाक्रम का एक यात्री ने वीडियो बना लिया। वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में तारण निर्मलकर और उसके साथी शरद तथा सैफी के साथ मारपीट करते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद मामले की चर्चा तेज हो गई है। पीड़ित युवकों ने घटना की शिकायत सरकंडा थाने में की है। उनका आरोप है कि पुलिस ने मामले में सामान्य धाराओं के तहत कार्रवाई की और शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया। दोनों युवकों का कहना है कि घटना के बाद वे दहशत में हैं और आरोपी से दोबारा हमला होने का डर बना हुआ है।

READ ALSO  अरपा नदी के प्रदूषण पर हाईकोर्ट नाराज, पूछा- 4 STP से 70 नालों का पानी कैसे होगा साफ?

वहीं पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच की जा रही है। सरकंडा थाना प्रभारी प्रदीप आर्य ने बताया कि युवकों ने रंगदारी मांगने और मारपीट किए जाने की शिकायत की है। मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। बताया जा रहा है कि तारण निर्मलकर हाईटेक बस स्टैंड क्षेत्र में भी सक्रिय रहता है। आरोप है कि वह वहां से गुजरने वाले बस ऑपरेटरों और एजेंटों पर दबाव बनाता है तथा उनसे पैसे की मांग करता है। पीड़ित पक्ष का यह भी कहना है कि आरोपी बस एजेंटों को अपने लिए काम करने का दबाव बनाता है और मना करने पर धमकी तथा मारपीट करता है।

तिफरा निवासी तारण निर्मलकर के खिलाफ पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज होने की बात सामने आई है। इनमें हत्या, मारपीट और अन्य अपराधों के साथ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई भी शामिल बताई जा रही है। स्थानीय स्तर पर उसे आदतन अपराधी के रूप में जाना जाता है। फिलहाल सरकंडा पुलिस वायरल वीडियो, पीड़ितों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद प्रकरण में आवश्यक धाराएं जोड़ने सहित आगे की कार्रवाई की जाएगी।

अगली खबर लोड हो रही है...

Related Articles

Back to top button
Play GK Quiz and Win Coins