राजनांदगांव।ईको ने शिक्षिका और छात्र को मारी टक्कर, शिक्षिका की मौत
ठेलकाडीह मुख्य चौक पर दर्दनाक हादसा, स्कूली छात्र गंभीर घायल; चालक हिरासत में, शराब सेवन की आशंका की जांच
राजनांदगांव। ठेलकाडीह मुख्य चौक पर सोमवार शाम करीब 5 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार मारुति ईको वाहन ने बस का इंतजार कर रही शिक्षिका किरण तिवारी और एक स्कूली छात्र को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया।
उपचार के दौरान शिक्षिका ने तोड़ा दम
मेडिकल कॉलेज अस्पताल में उपचार के दौरान शिक्षिका किरण तिवारी की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मृतका राजनांदगांव के दीनदयाल नगर की निवासी मनीष तिवारी अधिवक्ता की पत्नी थीं।
वहीं हादसे में गंभीर रूप से घायल स्कूली छात्र का मेडिकल कॉलेज अस्पताल में उपचार जारी है।
ईको जब्त, चालक पुलिस हिरासत में घटना की सूचना मिलते ही ठेलकाडीह चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त मारुति ईको वाहन को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया है।
चालक की पहचान दादु यादव, उम्र लगभग 35 से 40 वर्ष, निवासी दुर्ग के रूप में बताई जा रही है।
प्रारंभिक तौर पर चालक के शराब सेवन की आशंका भी जताई जा रही है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस हादसे की वास्तविक वजह, वाहन की रफ्तार और चालक की स्थिति सहित सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
ठेलकाडीह मुख्य चौक पर हुए इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
जिला अधिवक्ता संघ राजनांदगांव
जिला अधिवक्ता संघ राजनांदगांव के सदस्य मनीष तिवारी जी की धर्मपत्नी श्रीमती किरण तिवारी का आज दिनांक 05 अक्टूबर 2026 को सड़क दुर्घटना के पश्चात उपचार के दौरान आकस्मिक निधन हो गया।
उनके असामयिक निधन का समाचार अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक है।
ईश्वर से प्रार्थना है कि स्वर्गीय श्रीमती किरण तिवारी जी की पुण्य आत्मा को चिर शांति प्रदान करें, उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
मैं अपने एवं जिला अधिवक्ता संघ राजनांदगांव परिवार की ओर से स्वर्गीय श्रीमती किरण तिवारी जी के चरणों में भावभीनी श्रद्धांजलि एवं श्रद्धासुमन अर्पित करता हूं।
ॐ शांति… शांति… शांति…





