DPR छत्तीसगढ समाचारसूरजपुर जिला

CG : जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र नागरिक तक पहुंचाना सुनिश्चित करें-कलेक्टर

By kadwaghut|05 Oct 2026, 4:20 PM
f X W

सेवा सेतु शिविर, धान खरीदी की तैयारियों, स्वास्थ्य एवं शिक्षा कार्यक्रमों की हुई समीक्षा

Advertisement
Advertisement

सुगम यातायात के लिए आवारा पशुओं के प्रबंधन के दिए गए निर्देश

सूरजपुर , कलेक्टर रेना जमील ने संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं एवं विभागीय कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि पात्र नागरिकों तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना और उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान करना प्रशासन की प्राथमिकता है। अधिकारी संवेदनशीलता एवं जवाबदेही से कार्य करते हुए नियमित क्षेत्रीय भ्रमण कर मैदानी क्रियान्वयन की निगरानी करें।

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सेवा सेतु शिविर की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने आयोजित होने वाले सेवा सेतु शिविरों में सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को विभागीय टीम के साथ अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि शिविरों में आने वाले प्रत्येक पात्र नागरिक को केंद्र एवं राज्य शासन की योजनाओं से शत-प्रतिशत संतृप्त करना लक्ष्य है। इसके लिए आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर विभागीय सेवाओं की उपलब्धता तथा आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि 06 अक्टूबर को भैयाथान विकासखंड के ग्राम करकोटी एवं ओड़गी के दवनसरा तथा 07 अक्टूबर को प्रतापपुर के डांडकरवा में शिविर आयोजित होगा। सभी जिला स्तरीय अधिकारी अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करें।

धान खरीदी वर्ष 2026-27 की तैयारियों एवं कृषक पंजीयन की प्रगति की जानकारी लेते हुए कलेक्टर ने संबंधित विभागों को समन्वय से आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण करने को कहा। उन्होंने एग्रीस्टेक पंजीयन एवं डिजिटल क्रॉप सर्वे के शेष कार्य भी निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए।

READ ALSO  CG : सेवा की कहानी : ’प्रधानमंत्री आवास योजना से बदली लीलावती और जगमोहन की जिंदगी’

स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने राष्ट्रीय गैर-संचारी रोग रोकथाम एवं नियंत्रण कार्यक्रम के तहत अधिकाधिक नागरिकों की जांच और स्क्रीनिंग कराने तथा शेष पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान एवं वय वंदना कार्ड शीघ्र बनाने को कहा। उन्होंने यू-विन पोर्टल एवं राष्ट्रीय अंधत्व निवारण कार्यक्रम की प्रगति की भी जानकारी ली। कलेक्टर जमील ने टीबी मुक्त भारत अभियान को गति देने के के निर्देश दिए। गुणवत्ता युक्त शिक्षा के लिए विद्यालयों में शिक्षकों की उपस्थिति, अनुपस्थिति एवं अवकाश की स्थिति की समीक्षा करते उन्होंने लंबे समय से अनुपस्थित शिक्षकों पर की गई कार्रवाई की जानकारी ली । विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति के लिए उन्होंने पालकों से संवाद कर अनुपस्थित बच्चों को नियमित अध्ययन से जोड़ने को कहा।

कलेक्टर ने सड़कों एवं सार्वजनिक स्थलों पर विचरण करने वाले आवारा पशुओं के प्रबंधन के लिए संबंधित विभागों और स्थानीय निकायों को समन्वित कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने पशुओं को सुरक्षित स्थानों पर रखने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा, जिससे यातायात सुगम रहे और दुर्घटनाओं की आशंका कम हो। बैठक में कलेक्टर ने समय-सीमा, जनदर्शन, सेवा सेतु, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन एवं पीजी पोर्टल के लंबित प्रकरणों की विभागवार समीक्षा कर शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ विजेंद्र सिंह पाटले, अपर कलेक्टर नयन तारा सिंह, समस्त अनुविभागीय अधिकारी राजस्व एवं जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

अगली खबर लोड हो रही है...

Related Articles

Back to top button
Play GK Quiz and Win Coins