पुलिस आरक्षक भर्ती 2023-24 की दूसरी सूची जारी करने की मांग, अभ्यर्थियों ने सौंपा ज्ञापन
कवर्धा।। पुलिस आरक्षक भर्ती 2023-24 में प्रथम चयन सूची के बाद रिक्त पदों को द्वितीय सूची के माध्यम से भरने की मांग को लेकर अभ्यर्थियों ने जिला अनुविभागीय अधिकारी को ज्ञापन सौंपा है। अभ्यर्थियों ने अपनी मांग के समर्थन में शांतिपूर्ण रैली एवं प्रदर्शन की अनुमति भी मांगी है।
ज्ञापन में कहा गया है कि प्रथम चयन सूची जारी हुए लगभग 7 से 8 माह बीत चुके हैं। इसके बावजूद द्वितीय सूची के माध्यम से शेष रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पाई है। अभ्यर्थियों के अनुसार भर्ती में अभी भी लगभग 1600 पद रिक्त हैं।

ज्ञापन में बिलासपुर हाईकोर्ट में इस मामले को लेकर दिए गए निर्णय का भी उल्लेख किया गया है। अभ्यर्थियों का कहना है कि न्यायालय द्वारा प्रथम सूची से सभी पदों को भरे जाने की स्थिति नहीं होने की बात कही गई थी, जिसके बाद द्वितीय सूची के माध्यम से शेष पदों को भरने की मांग की जा रही है। हालांकि, अभ्यर्थियों के अनुसार इस संबंध में अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है।
अभ्यर्थियों ने कहा कि वे अपनी मांग को लेकर शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से आगे की प्रक्रिया जारी रखना चाहते हैं। इसी क्रम में उन्होंने जिला प्रशासन से शांतिपूर्ण रैली एवं प्रदर्शन की अनुमति प्रदान करने का अनुरोध किया है।
ज्ञापन में भर्ती प्रक्रिया को जल्द आगे बढ़ाकर पात्र अभ्यर्थियों को अवसर देने की मांग की गई है।



